Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

BJP MLA Sudhir Sharma: विजिलेंस दफ्तर में पेश हुए BJP विधायक सुधीर शर्मा, काली पट्टी बांधकर भारी संख्या में पहुंचे समर्थक, छावनी में बदला धर्मशाला थाना

Himachal News: भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में विजिलेंस के सामने हाजिर हुए धर्मशाला विधायक, जांच अधिकारी को सौंपे दस्तावेज; मुख्यमंत्री पर साधा निशाना।
Published on: 18 August 2026
BJP MLA Sudhir Sharma: विजिलेंस दफ्तर में पेश हुए BJP विधायक सुधीर शर्मा, काली पट्टी बांधकर भारी संख्या में पहुंचे समर्थक, छावनी में बदला धर्मशाला थाना

BJP MLA Sudhir Sharma Vigilance Case: धर्मशाला में पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुधीर शर्मा मंगलवार सुबह 11:50 बजे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के समक्ष पेश हुए। विजिलेंस थाना जाने से पहले सुधीर शर्मा ने हनुमान मंदिर में शीश नवाया और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह भारी समर्थकों की मौजूदगी के बीच जांच अधिकारी के सामने उपस्थित होने के लिए रवाना हुए।

विजिलेंस कार्यालय में प्रवेश से पहले मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि जांच ब्यूरो ने उनसे जितने भी दस्तावेज और तथ्य मांगे थे, वह उससे कहीं अधिक जानकारी लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला पहुंचने पर जिस तरह से कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी, वह उनके प्रति जनता और कार्यकर्ताओं के निष्ठा और प्रेम को दर्शाती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह विजिलेंस की जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे। राजनीतिक बयानबाजी करते हुए सुधीर शर्मा ने राज्य के मुख्यमंत्री पर सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री लगातार पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह गुट से जुड़े नेताओं को राजनीतिक रूप से निशाना बना रहे हैं।

इस दौरान धर्मशाला स्थित विजिलेंस थाना क्षेत्र को सुरक्षा के मद्देनजर पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। परिसर के आसपास चार अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। विजिलेंस थाने के बाहर डटे भाजपा कार्यकर्ता हाथ पर काली पट्टियां बांधकर पहुंचे और अपना विरोध जताया। वहीं, दूसरी ओर समर्थकों की ओर से हनुमान मंदिर में हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया।

उल्लेखनीय है कि विजिलेंस ब्यूरो की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में सुधीर शर्मा को जांच में शामिल होने के लिए पहले 13 अगस्त को बुलाया गया था। हालांकि, उस समय उनके कार्यालय ने विधायक के शहर से बाहर होने की सूचना देते हुए 18 अगस्त को पेश होने की बात कही थी।

गौरतलब है कि राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना धर्मशाला में 29 जुलाई 2026 को प्राथमिकी संख्या 0006/2026 दर्ज की गई थी। यह प्राथमिकी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज है। मामले की पड़ताल कर रहे जांच अधिकारी ने विधायक से आयकर रिटर्न (ITR) में दर्शाई गई 70,84,858 रुपये की राशि के आय स्रोतों से संबंधित कागजात, जमीन की बिक्री से मिले 74,07,000 रुपये के मूल दस्तावेज, बिक्री विलेख (सेल डीड), बैंक खातों का लेनदेन और धन हस्तांतरण की पूरी रिपोर्ट मांगी है।

इसके अतिरिक्त, रक्कड़ क्षेत्र में निर्माणाधीन बहुमंजिला आवासीय भवन से संबंधित निर्माण खाते, बिल, वाउचर, भुगतान रिकॉर्ड, नक्शे, और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों के नाम, पते व संपर्क विवरण सहित अन्य रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

Dharamshala BJPHimachal NewsHimachal Pradesh PoliticsSudhir SharmaVigilance Inquiry

Join WhatsApp

Join Now