Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

‘Kidnapping Car’ और ‘No Face, No Case’ लिखी बोलेरो  का पंचकूला पुलिस ने काटा 13,000 का चालान

पंचकूला के चंडीमंदिर लाइट प्वाइंट के पास हिमाचल नंबर की एक बोलेरो पर आपत्तिजनक स्लोगन लिखे होने पर ट्रैफिक पुलिस ने 13,000 रुपये का चालान काटा और शीशों से ब्लैक फिल्म उतरवाई।
‘Kidnapping Car’ और ‘No Face, No Case’ लिखी बोलेरो  का पंचकूला पुलिस ने काटा 13,000 का चालान

Himachal Bolero Challan: हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाली हिमाचल प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाली एक बोलेरो गाड़ी को रोककर उसका 13,000 रुपये का भारी-भरकम चालान काटा है। इस वाहन पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और आम जनता में भय पैदा करने वाले आपत्तिजनक स्लोगन लिखे हुए थे।

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि गुरुवार को मनसा देवी मंदिर की लाइटों के पास ट्रैफिक पुलिस की टीम मुस्तैद थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक काले रंग की फिल्म लगी बोलेरो गाड़ी पर पड़ी। जांच करने पर सामने आया कि यह गाड़ी हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू में पंजीकृत है। गाड़ी पर धूल जमी हुई थी और उसके विभिन्न हिस्सों पर भड़काऊ शब्दावली लिखी गई थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बोलेरो गाड़ी पर ‘नो फेस, नो केस’ और ‘किडनैपिंग कार’ जैसे हवाबाजी भरे और आपत्तिजनक स्लोगन लिखे हुए थे। इसके अलावा गाड़ी के पिछले हिस्से पर ‘इश्योर्ड बाइ माफिया’ और ‘यू हिट मी, वी हिट यू’ जैसे धमकी भरे वाक्य भी दर्ज थे। इस प्रकार के स्लोगन न केवल समाज में गलत संदेश देते हैं, बल्कि सड़कों पर चलने वाले आम नागरिकों के मन में असुरक्षा की भावना भी पैदा करते हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचकूला पुलिस आयुक्त आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई की गई। चंडीमंदिर लाइट प्वाइंट के पास बोलेरो को रोककर पुलिस ने सबसे पहले गाड़ी की खिड़कियों पर चढ़ाई गई अवैध ब्लैक फिल्म को मौके पर ही उतरवाया। इसके बाद यातायात नियमों की अवहेलना करने और आपत्तिजनक स्लोगन लगाने के जुर्म में वाहन मालिक का 13,000 रुपये का चालान काटा गया।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस आयुक्त आईपीएस पंकज नैन ने गाड़ी पर लिखे स्लोगन ‘नो फेस, नो केस’ का सीधा जवाब देते हुए कहा कि चालान के जरिए अब पंचकूला पुलिस के पास पूरा केस मौजूद है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी जारी करते हुए कहा कि सड़कों पर किसी भी तरह की दादागिरी या दबंगई दिखाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का उल्लंघन करने वाले चालकों से सख्ती से निपटा जाएगा।

आईपीएस पंकज नैन ने यह भी स्पष्ट किया कि पंचकूला पुलिस पहले भी सड़कों पर इस तरह की दबंगई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई करती रही है। वाहनों पर भड़काऊ और सामाजिक शांति भंग करने वाले स्लोगन लिखना नियमों के खिलाफ है। पुलिस प्रशासन की ओर से ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Haryana NewsHimachal Bolero ChallanIPS Pankaj NainPanchkula PoliceTraffic Challan

Join WhatsApp

Join Now