Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Shimla News: कोटखाई में 4 साल की बच्ची को पिकअप ने कुचला, तो शिमला में 12वीं का परिणाम आने के बाद छात्र ने की आत्महत्या

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के शिमला और कोटखाई में दो दर्दनाक मामले सामने आए हैं। कोटखाई में पिकअप की चपेट में आने से बच्ची की मौत हो गई, वहीं शिमला में 12वीं का परिणाम आने के बाद एक छात्र ने आत्महत्या कर ली।
Updated By PNT
Published on: 5 मई 2026
Shimla News: कोटखाई में 4 साल की बच्ची को पिकअप ने कुचला, तो शिमला में 12वीं का परिणाम आने के बाद छात्र ने की आत्महत्या

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला और कोटखाई क्षेत्रों से मंगलवार को दो गंभीर और दुखद घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना शिमला जिले के कोटखाई उपमंडल के तहत गुम्मा में मंगलवार सुबह पेश आई, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। जब नेपाली मूल की एक बच्ची अपनी मां के साथ बाजार जा रही थी। गुम्मा सड़क पर चलते समय अचानक बच्ची ने अपनी मां का हाथ छोड़ दिया और सड़क की तरफ दौड़ पड़ी। उसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत बच्ची को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कोटखाई ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चालक ने टक्कर के बाद वाहन नहीं रोका और मौके से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआत में मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि यह हादसा उसी समय वहां से गुजरी एक बस से हुआ है। लेकिन, पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पूरी सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि बच्ची पिकअप के नीचे आई थी।

डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन नंबर की पहचान भी कर ली गई है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। इसके साथ ही, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इसके अलावा, राज्य से ही एक अन्य घटना सामने आई है, जहां हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित किए जाने के बाद राजधानी शिमला में एक छात्र ने अपनी जान दे दी। यह घटना शिमला के अनाडेल ठाकुर बाग इलाके की है, जहां एक छात्र ने 12वीं की परीक्षा में फेल होने के बाद आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर आगामी जांच तेज कर दी। पुलिस को सोमवार (4 मई) को 112 हेल्पलाइन के माध्यम से निखिल शर्मा ने थाना में यह सूचना दी थी कि उसके दोस्त ने अनाडेल के ठाकुर बाग में खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलने के बाद निरीक्षक अपनी पुलिस टीम के साथ ठाकुर बाग, अनाडेल शिमला पहुंचे।

मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने देखा कि प्रेमलाल शर्मा के अनाडेल स्थित फ्लैट में निखिलेश मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के पिता प्रेमलाल शर्मा ने बताया कि निखिलेश 12वीं की परीक्षा में असफल होने के कारण पिछले कुछ दिनों से काफी मानसिक तनाव में था।

पिता ने बताया कि रिजल्ट आने के बाद से ही वह गुमसुम रहने लगा था। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर मृतक के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उप पुलिस अधीक्षक ने फौरन मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए एसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की है। इसके अलावा, मौके पर मौजूद गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला के शवगृह में सुरक्षित रख दिया गया है।

मृतक के माता-पिता द्वारा अभी तक किसी भी प्रकार का कोई संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी रहेगी।

Shimla Accident NewsShimla Crime newsShimla NewsShimla News TodayShimla Suicide Case

Join WhatsApp

Join Now