Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Chahat Arora actress biography: शिमला की सड़कों से नेटफ्लिक्स के पर्दे तक, पुलिस की वर्दी में छा गई पहाड़ों की बेटी चाहत

Chahat Arora Netflix Actress: शिमला के गेयटी थिएटर से अभिनय की शुरुआत करने वाली चाहत अरोड़ा अब नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मामला लीगल है' में रवि किशन के साथ नजर आ रही हैं। अपनी पहाड़ी कॉमेडी रील्स से मशहूर हुई चाहत की यह उपलब्धि हिमाचल के लिए गौरव की बात है।
Published on: 6 April 2026
Chahat Arora actress biography: शिमला की सड़कों से नेटफ्लिक्स के पर्दे तक, पुलिस की वर्दी में छा गई पहाड़ों की बेटी चाहत

Chahat Arora actress biography: शिमला की वादियों से निकला एक और सितारा मायानगरी की चकाचौंध के बीच अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। शहर के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के मंच से अपने अभिनय का सफर शुरू करने वाली चाहत अरोड़ा इन दिनों नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि 3 अप्रैल को रिलीज हुई इस सीरीज में चाहत एक महिला पुलिसकर्मी के दमदार किरदार में नजर आ रही हैं, जहां उन्हें बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रवि किशन के साथ स्क्रीन साझा करने का मौका मिला है। न्यू शिमला की रहने वाली चाहत के लिए यह मुकाम रातों-रात नहीं आया, बल्कि इसके पीछे उनकी सालों की मेहनत और कला के प्रति अटूट लगाव छिपा है।

चाहत की शुरुआती परवरिश और शिक्षा शिमला के प्रतिष्ठित कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, चेल्सी स्कूल में हुई, जिसके बाद उन्होंने डीएवी पब्लिक स्कूल न्यू शिमला से अपनी इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली का रुख किया और दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज से इंग्लिश ऑनर्स में स्नातक की डिग्री हासिल की।

कॉलेज के दिनों में ही उनके भीतर की कलाकार अंगड़ाइयां लेने लगी थी, लेकिन उन्होंने सीधे कैमरे के सामने आने के बजाय पहले पर्दे के पीछे की बारीकियों को समझने का फैसला किया। अभिनय की दुनिया में पूरी तरह कदम रखने से पहले चाहत ने क्रिएटिव प्रोड्यूसर और असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर कई फिल्मों और विज्ञापनों में काम किया, जिससे उन्हें फिल्म मेकिंग की तकनीकी समझ हासिल हुई।

इंडस्ट्री के बड़े नामों के साथ काम करने का चाहत का अनुभव काफी गहरा रहा है। अपने करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने आदित्य रॉय कपूर, सैफ अली खान, राजकुमार राव और करण जौहर जैसे बड़े सितारों के साथ कवर शूट्स किए। कैमरे के पीछे की इस जद्दोजहद ने उनके अभिनय को और भी निखारा।

एक मीडिया रिपोर्ट में चाहत खुद मानती हैं कि पहाड़ों की छोटी-छोटी कहानियों ने ही उन्हें आज इस बड़े मंच तक पहुंचाया है। उन्होंने अपने डिजिटल करियर की शुरुआत पहाड़ी जीवन से प्रेरित कॉमेडी स्केच बनाकर की थी, जिसमें वह अक्सर पहाड़ी लड़का, मां या बस कंडक्टर जैसे दिलचस्प किरदारों में नजर आती थीं। उनके लिए अभिनय महज एक पेशा नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन से जुड़ने का एक खूबसूरत जरिया है।

सफलता की इस सीढ़ी पर चढ़ते हुए चाहत अब तक कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने तीस्का चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘साली मोहब्बत’, अमेजन एमएक्स प्लेयर की ‘नॉक नॉक कौन है’ और दिबाकर बनर्जी की चर्चित फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा 2’ में भी अपनी प्रतिभा दिखाई है।

बता दें कि इसके अलावा वह सिद्धार्थ चौहान की फीचर फिल्म ‘अमर कॉलोनी’ और धर्माटिक एंटरटेनमेंट के प्रोजेक्ट ‘डेरिंग पार्टनर्स’ में भी नजर आ चुकी हैं। साल 2021 में शिमला में ही शादी के बंधन में बंधी चाहत अरोड़ा आज उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं जो छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपनों को हकीकत में बदलने का जज्बा रखते हैं।

Aaj Ki KhabrenBollywood News Todaycelebrity news HindiEntertainmententertainment updateHindi movie reviewOTT news IndiaShimla latest updateShimla Local NewsShimla NewsShimla News TodayShimla tourism newsShimla Weather Updateweb series review

Join WhatsApp

Join Now