Shimla Police News: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने पंजाब के बठिंडा निवासी चिट्टा तस्करी के कथित मुख्य सरगना दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ और उसके सहयोगियों से जुड़ी लगभग 2 करोड़ 09 लाख रुपये की अवैध संपत्ति को जब्त कर लिया है।
शिमला में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मेहर पंवर ने इस पूरी कार्रवाई और बैकवर्ड लिंक की जांच के विवरण साझा किए। इस कार्रवाई की शुरुआत 20 जून को हुई थी, जब शिमला पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कनलोग स्थित एक होम स्टे में दबिश दी थी। पुलिस ने वहां से बठिंडा निवासी गोपाल कुमार को 16 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

इस मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और इस नेटवर्क के कथित पैडलर गुरवचन उर्फ गुरु को मोहाली से गिरफ्तार किया, जिसके पास से 162 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। गहन पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि दोनों आरोपी बठिंडा निवासी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ के इशारे पर नशे का नेटवर्क चला रहे थे।
इसके बाद शिमला पुलिस ने बठिंडा में संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक मामला 100 ग्राम चिट्टे की तस्करी से संबंधित है और अदालत में एनडीपीएस अधिनियम सहित तीन मामले विचाराधीन हैं।
वित्तीय जांच के दौरान पुलिस को आरोपी कर्णी बराड़ के बैंक खाते में पिछले छह महीने के भीतर करीब 50 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन मिला, जबकि इससे पहले उसके खाते में नाममात्र का लेन-देन था। इस वित्तीय गड़बड़ी के आधार पर एनडीपीएस अधिनियम के सख्त प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई। जांच में नशा तस्करी से अर्जित की गई कुल 2.09 करोड़ रुपये की संपत्तियों की पहचान कर उन्हें आधिकारिक तौर पर जब्त कर लिया गया।
जब्त की गई संपत्ति में फॉर्च्यूनर, एंडेवर, टाटा सफारी, जेट्टा, वरना और स्विफ्ट जैसी कई लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा दो व्यावसायिक संपत्तियां (एस-4 स्पोर्ट्स क्लब और एस-4 कार वॉश), एक आवासीय मकान तथा बैंक खातों में जमा राशि को भी पुलिस ने सीज किया है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में शिमला पुलिस अब तक नशा तस्करों की लगभग 6.48 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।


















