Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

शादी के दबाव में प्रेमी ने जहर देकर मौत के घाट उतारा, हिमाचल के जंगल में जलाई लाश

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर स्थित कोलर के जंगलों में मिली अधजली लाश के मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जहां शादीशुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया और जंगल में आग लगाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
Published on: 16 May 2026
Amandeep Kaur Murder Case शादी के दबाव में प्रेमी ने जहर देकर मौत के घाट उतारा, हिमाचल के जंगल में जलाई लाश

Amandeep Kaur Murder Case: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर अंतर्गत कोलर के जंगलों में बुधवार को एक युवती की अधजली लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मामले में अब मृतका की शिनाख्त हो चुकी है और इस सनसनी हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो पड़ोसी राज्य हरियाणा का रहने वाला है।

जानकारी के मुताबिक मृतक युवती की पहचान हरियाणा के अंबाला जिला स्थित बराड़ा निवासी 31 वर्षीय अमनदीप कौर के रूप में हुई है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि युवती का संदीप कुमार नाम के एक युवक के साथ पिछले पांच-छह वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपी संदीप ने ही अमनदीप की सुनियोजित तरीके से हत्या की और पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को आग के हवाले कर दिया था। हरियाणा की बराड़ा पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी प्रेमी संदीप को सिरमौर जिला के पांवटा साहिब स्थित बातापुल क्षेत्र से स्थानीय पुलिस के सहयोग से धर दबोचा।

इस पूरे हत्याकांड की कड़ियां किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म की कहानी की तरह आपस में जुड़ी हुई हैं, जिसकी पोल सीसीटीवी फुटेज ने खोली। पुलिस के अनुसार, अमनदीप की मां कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और वह मंगलवार को अपनी मां की मेडिकल रिपोर्ट लेने के बहाने घर से निकली थी। जब वह शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर परिवार ने बराड़ा पुलिस थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छानबीन शुरू की, जिसमें पता चला कि अमनदीप लापता होने से पहले आरोपी संदीप के किराए के कमरे पर गई थी। कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। फुटेज में आरोपी संदीप एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर एक बड़े और भारी बैग को रेहड़ी में रखता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संदीप की स्विफ्ट कार की लोकेशन को लगातार ट्रेस किया और टोल नाकों से पुख्ता सबूत जुटाते हुए उसे हिमाचल प्रदेश के सिरमौर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी संदीप ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने किराए के कमरे पर अमनदीप की कोल्ड ड्रिंक में जहर मिला दिया था, जिसे पीने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को एक बड़े बैग में पैक किया और एक रेहड़ी वाले को फोन कर कमरे के बाहर बुलाकर बैग को उस पर लदवा दिया। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने हिमाचल के सिरमौर स्थित कोलर के सुनसान जंगल को चुना, जहां उसने शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी ताकि मृतका की पहचान कभी न हो सके।

बुधवार को जब सिरमौर पुलिस को युवती का अधजला शव मिला था, तब उसकी पहचान संभव नहीं हो पाई थी और स्थानीय पुलिस अंधी कत्ल की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी। इसी बीच हरियाणा पुलिस ने सिरमौर पुलिस से संपर्क साधा और आरोपी को दबोच लिया।

हरियाणा पुलिस के डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने अमनदीप को कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर मारा था। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही, सीसीटीवी में दिख रहे रेहड़ी मालिक को भी हिरासत में लिया गया है, ताकि इस अपराध में उसकी भूमिका का पता लगाया जा सके।

अभी तक हुई जाँच में खुलासा हुआ है कि इस खौफनाक हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह शादी का दबाव थी। अमनदीप और संदीप लंबे समय से रिश्ते में थे और अमनदीप लगातार शादी के लिए कह रही थी, लेकिन संदीप पहले से ही शादीशुदा था। इसी दबाव से मुक्त होने के लिए उसने अमनदीप को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। बताया जा रहा है कि अमनदीप अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली सदस्य थी। पिछले वर्ष पिता की मृत्यु के बाद उसने बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर घर की पूरी जिम्मेदारी संभाली थी, जिससे उसकी कैंसर पीड़ित मां और मधुमेह से पीड़ित छोटी बहन की दवाइयों का खर्च चल रहा था।

उधर,  मामले के संदर्भ में एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने जानकारी दी कि गुरुवार को नाहन मेडिकल कॉलेज में कोलर के जंगल से बरामद शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। चूंकि यह पूरा मामला हरियाणा पुलिस के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, इसलिए पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस को भेजी जाएगी।

साथ सुसाइड करने का झांसा देकर पिलाया जहर
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह जानकारी भी सामने आई है कि वारदात वाले दिन संदीप ने अमनदीप को मिलने बुलाया और समाज की बंदिशों का हवाला देते हुए साथ मरने का नाटक रचा। उसने अमनदीप को विश्वास में लिया कि दोनों साथ में जहर खाकर जान दे देंगे। अमनदीप के मान जाने पर संदीप ने उसे कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, आरोपी ने खुद जहर नहीं खाया।

Haryana NewsSirmour Crime NewsSirmour MurderSirmour NewsToday Sirmour News

Join WhatsApp

Join Now