Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan Congress Protest: “सोलन में भैंस के आगे बीन… कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन कर मांगा मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा..!

Solan News: सोलन के व्यस्त मालरोड पर कांग्रेस की रोष रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सोलन ब्लॉक अध्यक्ष अमित ठाकुर द्वारा भैंस के आगे बीन बजाकर किया गया प्रतीकात्मक प्रदर्शन शहर में चर्चा का विषय बन गया।
Published on: 24 September 2026
Solan Congress Protest: “सोलन में भैंस के आगे बीन… कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन कर मांगा मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा..!

Solan Congress Protest: सोलन के व्यस्त मालरोड पर आज उस वक्त लोगों की नजरें ठहर गईं, जब कांग्रेस की रोष रैली के दौरान एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज करवाया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई जब सोलन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर ने भैंस के आगे बीन बजाकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस के झंडे लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। रैली की शुरुआत पुराने विश्राम गृह से हुई, जो शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए मुरारी मार्किट तक पहुंची।

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के चलते मालरोड पर कुछ समय के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और राहगीरों का ध्यान भी प्रदर्शन की ओर आकर्षित हुआ। इस प्रदर्शन में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रजनी पाटिल के सोलन पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत भी किया।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों और चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज करवाया। पार्टी नेताओं का कहना था कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार जनता के बीच अपनी आवाज उठाती रहेगी। वहीं, प्रदर्शन के दौरान भैंस के आगे बीन बजाने का प्रतीकात्मक तरीका रैली का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। सड़क से गुजर रहे लोग भी कुछ देर के लिए इस दृश्य को देखते नजर आए। सोलन में कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। अब भैंस के आगे बीन बजाने वाला यह अनोखा प्रदर्शन शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इसलिए प्रदर्शन कर रही थी, क्योंकि ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक हालिया रिपोर्ट में चुनाव आयोग की पृष्ठभूमि और उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। 23 सितंबर को प्रकाशित ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों व प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कराईं।

रिपोर्ट के अनुसार, ये आपत्तियां मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण और SIR जैसी प्रक्रियाओं से जुड़ी थीं। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आपत्तियों को खारिज करते हुए कहा कि पिछले एक साल के सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। इन्हीं घटनाक्रमों के बीच कांग्रेस ने सोलन में अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘भैंस के आगे बीन बजाकर’ प्रतीकात्मक रूप से अपना संदेश दिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

Congress Protest SolanElection Commissioner Gyanesh KumarHimachal NewsMall Road SolanSolan Congress Protest

Join WhatsApp

Join Now