Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan News: मुख्यमंत्री ने अर्की में 34.46 करोड़ रुपये की सात विकासात्मक परियोजनाओं के किए उद्घाटन एवं शिलान्यास

Sukhvinder Singh Sukhu Arki Visit: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और सड़क से जुड़ी 7 बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
Solan News: मुख्यमंत्री ने अर्की में 34.46 करोड़ रुपये की सात विकासात्मक परियोजनाओं के किए उद्घाटन एवं शिलान्यास

Solan News: मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने शनिवार को सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान 34.46 करोड़ रुपये की लागत की सात विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन सरयांज, 1.02 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंडी के खेल मैदान, 1.81 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फल एवं सब्जी उप-मंडी कुनिहार तथा 10.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दाड़लाघाट आईएसबीटी बस स्टैंड का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने 10.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र, ग्याणा (मांगू), 7.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले दानोघाट-साहजादा-नेरी प्लाटी संपर्क सड़क मार्ग तथा 2.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सिनटीघाट से बानधार एंबुलेंस सड़क की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्र के लोग लाभान्वित होंगे तथा इनसे बुनियादी अधोसंरचना और आवश्यक सार्वजनिक सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि फल एवं सब्जी उप-मंडी कुनिहार से क्षेत्र की लगभग 25 से 30 ग्राम पंचायतों के किसानों को लाभ मिलेगा। इस सुविधा के माध्यम से किसानों को उनकी उपज के बेहतर विपणन के अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें अपनी फसलों के उचित एवं लाभकारी दाम प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र, ग्याणा (मांगू) के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या का समाधान करने में मदद मिलेगी तथा लोगों को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इस विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे।

इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में पधारने और 34.46 करोड़ रुपये लागत की सात विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय लोग लाभान्वित होंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

Arki NewsHimachal Pradesh NewsHP GovernmentSolan DevelopmentSukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now