साइड स्क्रोल मेनू

Kasauli Murder Case: गला दबाकर पत्नी की हत्या, फिर रचा गया आत्महत्या का नाटक, पति का भाई और भतीजी भी गिरफ्तार..!

Kasauli Murder Case: गला दबाकर पत्नी की हत्या, फिर रचा गया आत्महत्या का नाटक, पति का भाई और भतीजी भी गिरफ्तार..!

Kasauli Murder Case: पुलिस थाना कसौली क्षेत्र के अंतर्गत कुठाड़ के समीप स्थित शनौगी गांव में विवाह के मात्र ढाई महीने बाद एक महिला की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज मामले में हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश को कसौली पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने मृतका के पति चतर सिंह के बाद उसके भाई नरेंद्र सिंह और भतीजी निकिता को भी साजिश में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि तीनों ने मिलकर हत्या को आत्महत्या बताने की योजना बनाई थी।

पुलिस के मुताबिक मृतका सुमन की शादी चतर सिंह के साथ 23 नवंबर 2025 को हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगे थे। कुछ दिन पहले सुमन 10–15 दिनों के लिए मायके चली गई थी, जिससे चतर सिंह नाराज चल रहा था। 31 जनवरी को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जो इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चतर सिंह ने सुमन का गला दबा दिया। बेहोश होकर गिरने के बाद सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें:  हैंडबॉल प्रतियोगिता में सोलन की महिला सीन्यर वर्ग़ ने हासिल किया प्रथम स्थान

घटना के बाद घबराए चतर सिंह ने अपने भाई नरेंद्र सिंह और भतीजी निकिता के साथ मिलकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। आरोप है कि चतर सिंह ने कैंची से सुमन के गले और शरीर पर वार किए ताकि मामला आत्महत्या या संघर्ष का लगे। इतना ही नहीं, उसने खुद को और निकिता को भी चाकू से हल्की चोटें पहुंचाईं। इसके बाद मृतका के परिजनों को फोन कर झूठी जानकारी दी गई कि सुमन ने उन पर हमला किया और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है।

इस सूचना पर मृतका के पिता ने दरवाजा तोड़कर सुमन को बचाने को कहा। हालांकि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि सुमन की पहले गला दबाकर हत्या की गई थी और बाद में तेजधार हथियार से चोटें पहुंचाई गईं। मौके से दरवाजा, कुंडी, चाकू, कैंची सहित अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए गए। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मौके पर न तो दरवाजा तोड़े जाने के निशान थे और न ही किसी तरह के संघर्ष के प्रमाण मिले।

इसे भी पढ़ें:  Solan News: सोलन में नशा तस्करी मामले में पुलिस कांस्टेबल बर्खास्त

चिकित्सीय जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों को लगी चोटें स्वयं द्वारा पहुंचाई गई थीं। गहन छानबीन के बाद कसौली पुलिस टीम ने मामले में संलिप्त चतर सिंह के भाई नरेंद्र सिंह निवासी गांव शनौगी, डाकघर मलेरा, तहसील कसौली, जिला सोलन तथा उसकी 19 वर्षीय भतीजी निकिता को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपितों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

प्रजासत्ता न्यूज़ एक प्रमुख हिंदी समाचार प्लेटफ़ॉर्म है, जो देश और दुनिया की ताजातरीन घटनाओं, राजनीति, समाज, खेल, मनोरंजन, और आर्थिक खबरों को सटीक और निष्पक्ष तरीके से प्रस्तुत करता है। हमारी टीम का उद्देश्य सत्य, पारदर्शिता और त्वरित समाचार वितरण के जरिए पाठकों तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुँचाना है। हम अपने कंटेंट के माध्यम से समाज की जागरूकता बढ़ाने और एक सूचित नागरिक समाज बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारी न्यूज़ टीम हमेशा विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी एकत्रित करती है और उसे सरल, सटीक और दिलचस्प तरीके से प्रस्तुत करती है।

Join WhatsApp

Join Now