Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kasauli News: घरेलू विवाद में पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या, 3 महीने पहले हुई थी शादी

Published on: 2 February 2026
Kasauli News: घरेलू विवाद में पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या, 3 महीने पहले हुई थी शादी

Kasauli News: पुलिस थाना कसौली के अंतर्गत शनोगी में गांव एक पति ने तेजधार हथियार से अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी नवंबर 2025 में ही हुई थी। शादी के महज तीन महीने बाद इस तरह की खौफनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को पुलिस चौकी कुठाड़ को सूचना मिली कि गांव शनोगी निवासी चतर सिंह की पत्नी सुमन ने उस पर चाकू से हमला कर दिया है और खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि चतर सिंह की पत्नी सुमन (38) अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थी। मृतका के गले व शरीर पर तेजधार हथियार से वार के गहरे घाव थे और पूरा कमरा खून से लथपथ था।

इस संबंध में मृतका की भाभी पूजा निवासी शामती, तहसील व जिला सोलन ने पुलिस को बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है, जिस दौरान सुमन ने चतर सिंह पर चाकू से हमला किया है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ गांव शनोगी पहुंची, जहां सुमन मृत पाई गई। उन्होंने सुमन की हत्या का संदेह उसके पति चतर सिंह पर जताया।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल और शव का निरीक्षण फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम से करवाया गया। मौके से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू और एक कैंची को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू अनिल शर्मा द्वारा भी किया गया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने उपस्थित लोगों व गवाहों से पूछताछ की, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह ने की है। उसके बाद पुलिस ने आरोपित चतर सिंह निवासी गांव शनोगी, डाकघर मलेरा, तहसील कसौली, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।

Kasauli NewsSolan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News todaySolan samachar

Join WhatsApp

Join Now