Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kasauli News: विधायक विनोद सुल्तानपुरी के प्रयासों से गढ़खल-गुनाई सड़क पर 1 महीने बाद फिर दौड़ीं स्कूल बसें, मिली बड़ी राहत

Solan News: गढ़खल-गुनाई सड़क पर भारी बारिश के कारण न्यू गोड़ती के पास धंसी सड़क पर लोक निर्माण विभाग ने लगाया डंगा, कसौली-सोलन मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बहाल।
Kasauli News: विधायक विनोद सुल्तानपुरी के प्रयासों से गढ़खल-गुनाई सड़क पर 1 महीने बाद फिर दौड़ीं स्कूल बसें, मिली बड़ी राहत

Kasauli News: लोक निर्माण विभाग मंडल कसौली के तहत आने वाली गढ़खल-गुनाई सड़क को एक महीने के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया है। न्यू गोड़ती गांव के समीप भारी बारिश की वजह से सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया था, जिससे वहां गहरा ढांक बन गया था। यह स्थिति चार पहिया और भारी वाहनों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक साबित हो रही थी, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात को सीमित करना पड़ा था।

सड़क मार्ग के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण सरस्वती निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल कसौली और सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल कसौली की बसों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। हादसे की आशंका को देखते हुए स्कूल बसें घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर पीछे से ही वापस लौटने को मजबूर थीं। इस वजह से नन्हे-मुन्ने बच्चों को भारी स्कूल बैग उठाकर रोजाना इतनी दूर पैदल चलकर बसों तक पहुंचना पड़ रहा था। सुबह सात बजे घर से निकलने वाले मासूम बच्चे शाम को करीब साढ़े पांच बजे ही अपने घर पहुंच पा रहे थे, जिससे बच्चों और अभिभावकों दोनों की परेशानी बढ़ गई थी।

यातायात की इस गंभीर समस्या और स्थानीय निवासियों की असुविधा को देखते हुए ग्राम पंचायत नाहरी के प्रतिनिधियों ने मोर्चा संभाला। नाहरी पंचायत के प्रधान मानविंदर तनवर, उपप्रधान मोहन लाल शर्मा, पूर्व उपप्रधान मनमोहन वशिष्ठ, वार्ड सदस्य चारु शर्मा तथा वार्ड सदस्य सरिता कुमारी ने कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी से सीधा संपर्क किया। उन्होंने विधायक से प्रभावित स्थल पर सुरक्षा डंगा (रिटेनिंग वॉल) का निर्माण जल्द से जल्द करवाने की मांग उठाई थी।

ग्रामीणों की मांग और बच्चों को हो रही समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने लोक निर्माण विभाग कसौली को तुरंत प्रभाव से सड़क मरम्मत के निर्देश जारी किए थे। विधायक के आदेश मिलते ही विभाग की टीम ने न्यू गोड़ती के पास क्रेट वॉल लगाकर क्षतिग्रस्त हिस्से को मजबूत किया और सड़क की स्थिति में सुधार लाया। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक महीने के भीतर क्रेट वॉल का काम पूरा कर इस मार्ग को भारी व बड़े वाहनों के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि मार्ग के फिर से खुलने से कोटबेजा, गुनाई और आसपास के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से गढ़खल, कसौली, सोलन और धर्मपुर की तरफ आवाजाही करने वाले हजारों लोगों को राहत मिली है। इस सफल कार्य के उपरांत नाहरी पंचायत के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक विनोद सुल्तानपुरी, लोक निर्माण विभाग कसौली मंडल के अधिशाषी अभियंता विशाल भारद्वाज तथा सड़क किनारे स्थित भूमि के मालिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से यह कार्य समय पर संपन्न हो सका।

Garkhal Gunai RoadHimachal Heavy RainfallKasauli NewsPWD KasauliSolan Himachal Pradesh NewsVinod Sultanpuri MLA

Join WhatsApp

Join Now