Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Nalagarh Grenade News: नालागढ़ में दो पक्षों के झगड़े के बीच संदिग्ध ग्रेनेड बरामद, बम स्क्वॉड को मौके पर बुलाया..

नालागढ़ के माजरा गांव में दो गुटों के आपसी विवाद के बाद जांच में जुटी पुलिस को संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु मिली, जिसके बाद बम स्क्वॉड को मौके पर बुलाकर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
Updated By Prajasatta
Published on: 29 सितम्बर 2026
Nalagarh Grenade News: नालागढ़ में दो पक्षों के झगड़े के बीच संदिग्ध ग्रेनेड बरामद, बम डिस्पोजल टीम बुलाई

Nalagarh Grenade News: हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ क्षेत्र में आपसी विवाद की जांच के दौरान एक घर के पास संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। मामला पुलिस चौकी जोघों के तहत आने वाले माजरा गांव, डाकघर बरूणा का है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का क्षेत्र खाली करवाकर मौके को सील कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को माजरा गांव में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद और झगड़े की सूचना मिली थी। मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर नालागढ़ थाने में क्रॉस FIR दर्ज की गई है। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को एक घर के समीप यह संदिग्ध वस्तु बरामद हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बरामद वस्तु को फिलहाल संदिग्ध ग्रेनेडनुमा वस्तु माना जा रहा है।

हालांकि यह वास्तव में ग्रेनेड है या नहीं और इसकी स्थिति क्या है, इसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही होगी। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आसपास का क्षेत्र खाली करवाया और संबंधित स्थान को सुरक्षित कर सील कर दिया। संदिग्ध वस्तु की जांच और सुरक्षित निस्तारण के लिए बम निरोधक दस्ते (बम डिस्पोजल टीम) को मौके पर बुलाया गया है। उधर, नालागढ़ पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर क्रॉस FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस दोनों पक्षों के संबंधित लोगों को पूछताछ और आगामी जांच के लिए अपने साथ ले गई है।

पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
पुलिस अधीक्षक बद्दी, विनोद धीमान ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्र न हों। साथ ही उन्होंने किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में बरामद संदिग्ध वस्तु समेत सभी पहलुओं की गहन और निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच से सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने यह पुष्टि नहीं की है कि बरामद वस्तु वास्तविक ग्रेनेड है या नहीं। इसकी स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पूर्व विधायक ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस संवेदनशील घटनाक्रम के बीच पूर्व विधायक के. एल. ठाकुर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने बीबीएन क्षेत्र में लगातार बढ़ते अपराध पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार और नालागढ़ के वर्तमान विधायक हरदीप सिंह बावा की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि इलाके में माइनिंग और चिट्टा जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों का कारोबार बेखौफ चल रहा है।

पूर्व विधायक के. एल. ठाकुर ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि जनवरी माह में पुलिस स्टेशन के बाहर हुए ब्लास्ट की घटना और अब इस तरह जिंदा ग्रेनेड मिलने का मामला प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है।

Baddi PoliceBomb Disposal SquadHimachal NewsNalagarh Crime NewsNalagarh News

Join WhatsApp

Join Now