Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Nalagarh Crime: तीन दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला शव, सिर धड से अलग होने की खबर पर पुलिस ने दी सफाई

BBN Crime News: नालागढ़ के चौकीवाला में झाड़ियों से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ है। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक अफवाहों पर विराम लगाते हुए पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
By PNT
Published on: 22 September 2026
Nalagarh Crime: तीन दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला शव, सिर धड से अलग होने की खबर पर पुलिस ने दी सफाई

Nalagarh Crime News: औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के चौकीवाला में ट्रक यूनियन के पास झाड़ियों से एक युवक का गली-सड़ी अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान राजीव कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले करीब तीन दिनों से लापता था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक नालागढ़ के चौकीवाला में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रक यूनियन के समीप झाड़ियों से एक युवक का गली-सड़ी अवस्था में शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान राजीव कुमार (21) पुत्र महेंद्र, निवासी लक्ष्मीपुर, डाकघर बसौली, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि राजीव अपने परिवार के साथ कृपालपुर में रहकर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक वह करीब तीन दिन पहले सुबह खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिवार ने नालागढ़ पुलिस थाना में गुमशुदगी की शिकायत दी थी।

सोमवार शाम चौकीवाला के पास झाड़ियों से दुर्गंध आने पर एक महिला को वहां कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। इसके बाद इसकी सूचना आसपास के लोगों और संबंधित प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और झाड़ियों से युवक का शव बरामद किया गया। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान राजीव के रूप में की।

सोशल मीडिया पर सिर अलग होने की खबर, पुलिस ने कहा- पुष्टि नहीं

शव मिलने के बाद कुछ सोशल मीडिया चैनलों पर युवक का सिर अलग होने जैसी खबरें भी प्रसारित होने लगीं। हालांकि पुलिस ने इन दावों को लेकर स्पष्ट किया है कि वर्तमान जांच में शव का सिर अलग होने की कोई पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण शुरू करते हुए मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। इसके अलावा शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल नालागढ़ में कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी खबर को आगे साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।

Baddi NewsChowkiwala CaseHimachal Police InvestigationNalagarh Crime NewsNalagarh News

Join WhatsApp

Join Now