Una News Today: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंब उपमंडल के एक गांव में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। बच्ची के साथ यह दरिंदगी किसने की है, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बच्ची के माता-पिता पेशे से मजदूरी का काम करते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 27 मार्च की सुबह की है जब नवरात्रि के अंतिम दिन कन्या पूजन के बहाने पड़ोस का एक व्यक्ति बच्ची और उसकी बहन को अपने घर ले गया था। कुछ देर बाद बच्ची की मां को सूचना मिली कि उसकी बेटी का एक्सीडेंट हो गया है, लेकिन जब माता-पिता उसे अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची के शरीर पर लगी चोटें किसी हादसे की नहीं बल्कि यौन शोषण की हैं।
बच्ची के माता-पिता मूल रूप से दूसरे राज्य के रहने वाले हैं और यहां मजदूरी करते हैं। डॉक्टरों के इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बच्ची को ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद भी ली जा रही है। हालांकि मां ने अभी किसी खास व्यक्ति का नाम नहीं लिया है, लेकिन पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है और वे आरोपी को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




















