Una News Today: जिला ऊना के पुलिस थाना सदर ऊना के तहत जलग्रां टब्बा स्थित तारा होटल के समीप देर रात एक युवक के साथ मारपीट कर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रायपुर सहोड़ निवासी 23 वर्षीय ऋषि सहोड़ ने बताया कि वह गत रात करीब 12:15 बजे तारा होटल से खाना लेने जा रहा था। होटल के बाहर उसका दोस्त व बुआ का बेटा रोहित खड़ा था। दोनों बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर उसके साथ बहसबाजी करने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार अनिकेत उर्फ केतू ने उसे थप्पड़ मारा, जबकि उसके साथियों ने उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर रोहित बीच-बचाव के लिए पहुंचा, लेकिन उसे भी धक्का देकर वहां से हटा दिया गया। आरोप है कि इसी दौरान अक्षय ने जेब से चाकू निकालकर ऋषि पर वार किया। बचने के प्रयास में चाकू की नोक उसकी छाती पर लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी छाती पर धारदार हथियार से चोट होने की पुष्टि की। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट व शिकायत के आधार पर अक्षय, अनिकेत उर्फ केतू और मृदुल उर्फ मन्नू के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच मुख्य आरक्षी तीर्थ राम कर रहे हैं।


















