Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ऊना पुलिस की सतर्कता के चलते 4 क्विंटल 52 किलो 660 ग्राम भुक्की (डोडा चूरा पोस्त) की विशाल खेप बरामद की गई है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ के दिशा-निर्देशों पर जिला पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 30-31 जुलाई की देर रात मैहतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार अपनी टीम के साथ फतेहपुर मंदिर के पास ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर गश्त व नाकाबंदी पर तैनात थे।

रात करीब 12:10 बजे नाके के दौरान पुलिस टीम ने पंजाब नंबर की एक संदिग्ध टाटा ऐस गाड़ी (PB-08 BW-9122) को जांच के लिए रोका। जब पुलिस जवानों ने वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो उसमें से 8 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों को खोलने पर उनमें कुल 1 क्विंटल 62 किलो 640 ग्राम भुक्की पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जोगा सिंह (उम्र 41 वर्ष), निवासी दिनोवाल खुर्द, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) तथा उसके साथी हरप्रीत सिंह (उम्र 28 वर्ष), निवासी गांव पंडोरी, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस के समक्ष कई महत्वपूर्ण खुलासे किए।
आरोपियों से मिली गुप्त सूचना और निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए लमलेहड़ा क्षेत्र में दबिश दी। वहां खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली से साढ़े 14 बोरियों में भरी 2 क्विंटल 90 किलो 20 ग्राम अतिरिक्त भुक्की बरामद की गई। इस तरह दोनों वाहनों से कुल मिलाकर 4 क्विंटल 52 किलो 660 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया, जिसे नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि नशीले पदार्थ की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां सप्लाई किया जाना था और इस अंतरराज्यीय गिरोह में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।


















