Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर पवन खेड़ा को रोका गया; धरने पर बैठे कांग्रेस नेता, जयराम बोले- हम नहीं डरेंगे

Delhi Airport 1

Delhi Airport: दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार को इंडिगो के एक विमान के सामने काफी देर तक हाई वोल्टेड ड्रामा हुआ। जानकारी के मुताबिक, रायपुर में कांग्रेस अधिवेशन में शामिल होने जा रहा कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट पर पहुंचा था। इस दौरान दिल्ली पुलिस की टीम ने फ्लाइट में जाने से पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को रोक लिया। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

Kullu Dussehra 2026 Celebration

एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो में प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत, रणदीप सिंह सुरजेवाला, केसी वेणुगोपाल को देखा जा सकता है। बता दें कि हाल ही में गौतम अडानी मुद्दे पर सरकार पर हमला करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नरेंद्र दामोदरदास मोदी को नरेंद्र गौतमदास मोदी के रूप में संदर्भित करने के लिए पवन खेड़ा की आलोचना की गई थी।

जयराम रमेश बोले- तानाशाही का दूसरा नाम अमितशाही है

पवन खेड़ा को रोके जाने के बाद कांग्रेस के सीनियर नेता जयराम रमेश ने कहा कि पहले ED ने रायपुर में छापामारी की, अब पवन खेड़ा को दिल्ली पुलिस द्वारा रायपुर के जहाज़ से उतारा गया है। तानाशाही का दूसरा नाम अमितशाही है। मोदी सरकार हमारे राष्ट्रीय महाअधिवेशन को बाधित करना चाहती है। हम डरने वाले नहीं हैं, देशवासियों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

दिल्ली पुलिस का दावा- असम पुलिस से मिला है अनुरोध पत्र

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि पवन खेड़ा को उड़ान भरने से रोकने के लिए असम पुलिस से एक अनुरोध प्राप्त हुआ है। उधर, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हम सभी इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 204 से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मेरे सहयोगी पवन खेड़ा को फ्लाइट से उतारने के लिए कहा गया। ये कैसी मनमानी है? क्या कोई कानून का राज है? यह किस आधार पर और किसके आदेश पर किया जा रहा है?

कांग्रेस ने ट्वीट किया, “यह तानाशाही रवैया है। तानाशाह ने अधिवेशन से पहले ईडी की छापेमारी कराई और अब वह इस तरह की हरकत पर उतर आया है।” कांग्रेस नेता पार्टी के 85वें पूर्ण अधिवेशन में शामिल होने के लिए रायपुर के लिए निकले थे। बता दें कि ईडी ने सोमवार को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ में कम से कम आठ कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों से जुड़े परिसरों पर छापा मारा था।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हम सभी रायपुर के लिए उड़ान भर रहे थे। जब हम पूरी तरह तैयार थे, तो पवन खेड़ा को विमान से उतरने के लिए कहा गया। उन्हें बताया गया कि उनके सामान के साथ गड़बड़ हो गई थी, लेकिन उनके पास कोई सामान नहीं था। नीचे उतरने के बाद उन्हें बताया गया कि उन्हें विमान से उतार दिया गया है और सीआईएसएफ की ओर से उन्हें नोटिस दिया जाएगा।

श्रीनेत ने कहा कि जब तक पवन खेड़ा समेत हम सभी के साथ फ्लाइट टेकऑफ नहीं होती है, हम टरमैक पर ही रहेंगे। हम इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेंगे। फिलहाल, कांग्रेस नेता टरमैक पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।

Aaj Ki Khabrenbreaking news todayIndia government newsIndia politics newslatest news Indianational headlinestop news India

Join WhatsApp

Join Now