Prajasatta Side Scroll Menu

IND vs BAN: विराट कोहली के 48वें वनडे शतक के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंदा

IND vs BAN: विराट कोहली के 48वें वनडे शतक के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंदा

स्पोर्ट्स डेस्क |
IND vs BAN: वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम का विजय अभियान जारी है। टूर्नामेंट का 17वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच 19 अक्टूबर को पुणे में खेला गया। इस मैच में विराट कोहली के 48वें वनडे शतक के दम पर भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंद दिया है। इसी के साथ पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया पहले पायदान पर पहुंच गई है।

विराट ने 97 गेंद पर 6 चौकों और 4 छक्कों के साथ 103* रनों की पारी खेली। विराट ने छक्का जड़कर शतक पूरा किया और भारत को जीत दिलाई। बांग्लादेश ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए थे, भारत में 41.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 261 रन बना लिए।

पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने (IND vs BAN) कहा कि अगर मैंने टॉस जीता होता, तो भारत गेंदबाजी ही करता। यानी कह सकते हैं कि दोनों टीमों के मन की मुराद कम से कम टॉस पर पूरी हो चुकी थी।

बांग्लादेशी सलामी बल्लेबाज लिटन दास और तंजिद हसन तमीम ने काफी धीमी शुरुआत की। 5 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बगैर नुकसान 10 रन था। इसके बाद रोहित ने पावरप्ले में जसप्रीत बुमराह को गेंदबाजी से हटा दिया। बांग्लादेशी सलामी बल्लेबाज टूटकर पड़े। मानो वे बुमराह के जाने की ही राह देख रहे थे।

बांग्लादेश ने पावरप्ले के अगले 5 ओवर में 53 रन बनाए और 10 ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर 63/0 हो गया। इस दौरान नवें ओवर की तीसरी गेंद पर अपने फॉलो थ्रू में लिटन दास का स्ट्रेट ड्राइव रोकते हुए हार्दिक पांड्या के बाएं पैर की एड़ी में चोट आई। हार्दिक मैच से बाहर हो गए और अंतिम 3 गेंद विराट कोहली ने डाली। भारत अभी भी पहली सफलता का इंतजार कर रहा था।

इसे भी पढ़ें:  IND vs NZ: सूर्यकुमार यादव का रांची में जलवा, बाउंड्री पर फील्डिंग के दौरान हुआ कुछ ऐसा, देखे Video

बांग्लादेश को 15वें ओवर में 93 के स्कोर पर पहला झटका स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने दिया। कुलदीप ने ओवर की चौथी गेंद ऑफ स्टंप पर फ्लिपर डाली। तंजिद हसन तमीम ने एक्रॉस द लाइन स्वीप शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन लाइन मिस कर गए। तमीम 43 गेंद पर 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 51 रन बनाने के बाद LBW करार दिए गए। अब मैदान पर शाकिब अल हसन की जगह कप्तानी का जिम्मा संभाल रहे नजमुल हुसैन शांतो आए। उनके लिए रविंद्र जडेजा ने भरपूर तैयारी कर रखी थी।

जडेजा ने 20वें ओवर की अंतिम गेंद 93.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ ऑफ स्टंप पर बैक ऑफ लेंथ रखी। शांतो ने क्रीज की गहराई का इस्तेमाल करने का प्रयास किया लेकिन गेंद टप्पा खाने के बाद स्किड करते हुए अंदर की तरफ आई और उनके बाएं पैर से टकरा गई। अंपायर ने LBW की अपील स्वीकार कर ली और सर जडेजा जश्न में डूब गए। कप्तान 17 गेंद पर 8 रन बना सके और टीम का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 110 रन हो गया।

मोहम्मद सिराज के 25वें ओवर की पहली गेंद पर केएल राहुल ने मेहदी हसन मिराज का ऐसा कैच पकड़ा, जिसे कमेंटेटर्स ने गेंदबाज का कम और कीपर का विकेट ज्यादा करार दिया। मोहम्मद सिराज ने लेग स्टंप पर क्रॉस सीम के साथ बैक ऑफ लेंथ डिलीवरी डाली थी। मेहदी हसन मिराज ने फाइन लेग की दिशा में चौका बटोरने का प्रयास किया। केएल राहुल ने अपनी बाईं तरफ हवा में गोते लगाते हुए फुटबॉल वाले गोलकीपर की तरह बाएं हाथ से अद्भुत कैच पकड़ लिया।

मेहदी हसन मिराज 13 गेंद पर 3 रन बना सके और बांग्लादेश को 129 पर तीसरा झटका लग गया। अब तक लिटन दास डटे हुए थे, लेकिन रवींद्र जडेजा ने 28वें ओवर में उनका भी काम तमाम कर दिया। जडेजा ने चौथी गेंद 98 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ डाली थी और लिटन दास डाउन द ग्राउंड आ गए। शॉट मिसटाइम हुआ और लॉन्गऑफ पर सिंपल कैच पकड़ लिया गया। लिटन दास ने 82 गेंद पर 66 रन बनाए और बांग्लादेश का स्कोर 137 पर 4 आउट।

इसे भी पढ़ें:  'मैं इस टीम को..' आखिरी ओवर अक्षर को देने और शिवम मावी को लेकर Hardik Pandya ने दिया बड़ा बयान

यहां से तौहीद हृदॉय और मुशफिकुर रहीम के बीच पांचवें विकेट के लिए 58 गेंद पर 42 रनों की साझेदारी हुई। तौहीद हृदॉय काफी देर से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। आखिरकार शार्दुल ठाकुर के 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर उनका सब्र जवाब दे गया। वह मिडिल स्टंप पर डाली गई गुड लेंथ बॉल को सीधा मिडविकेट के हाथ में खेल बैठे। तौहीद हृदॉय ने 35 गेंद पर 16 रन बनाए और बांग्लादेश को 179 पर पांचवां झटका लग गया। जसप्रीत बुमराह ने 43वें ओवर की तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर शॉर्ट बॉल डाली। मुशफिकुर ने रूम देखा और कट शॉट खेल दिया।

रविंद्र जडेजा ने बैकवर्ड पॉइंट पर दोनों हाथों से डाइव लगाते हुए ब्लाइंडर पकड़ लिया। रविंद्र जडेजा की बदौलत वेल सेट बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को 46 गेंद पर 38 रन बनाकर पवेलियन जाना पड़ा। बांग्लादेश को 201 पर छठा झटका लगा। नसुम अहमद को 47वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने चलता कर दिया। पांचवीं शॉर्ट गेंद को पुल करने के प्रयास में टॉप एज विकेटकीपर के दस्तानों में चला गया। नसुम ने 18 बॉल पर 14 बनाए और स्कोर 233 पर 7 आउट।

सलामी बल्लेबाजों के बाद अगर सही मायने में किसी खिलाड़ी ने बांग्लादेश की पारी को तरीके से फिनिश किया, तो उसका नाम महमूदुल्लाह रियाद था। जसप्रीत बुमराह ने 50वें ओवर की दूसरी पिन पॉइंट यॉर्कर पर महमूदुल्लाह का मिडिल स्टंप उखाड़ दिया। महमूदुल्लाह ने 36 गेंद पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। बांग्लादेश को 248 पर आठवां झटका लगा। टीम निर्धारित 50 ओवर में 256 तक पहुंच गई। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 10 ओवर में 41, मोहम्मद सिराज ने 10 ओवर में 60 और रविंद्र जडेजा ने 10 ओवर में 38 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए।

इसे भी पढ़ें:  Yuzvendra Chahal ने न्यूजीलैंड की मिस्ट्री गर्ल के साथ किया ट्रेवल, खूबसूरती में धनश्री को देती है टक्कर! देखें फोटो

शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव के हाथ 1-1 सफलता लगी। जवाब में भारत ने भी पावरप्ले में बांग्लादेश की तरह बगैर नुकसान 63 रन बनाए। रोहित शर्मा बड़े स्कोर के लिए पूरी तरह सेट नजर आ रहे थे। ऐसे में हसन महमूद ने 13वें ओवर की चौथी गेंद आउटसाइड ऑफ स्टंप शॉर्ट बॉल रखी। रोहित ने पूरी ताकत के साथ पुल शॉट खेला, लेकिन डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग में तौहीद हृदॉय ने बेहतरीन कैच पकड़ लिया। हिटमैन 40 गेंद पर 7 चौकों और 2 छक्कों के साथ 48 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भारत को 88 पर पहला झटका लग गया।

प्रिंस ऑफ़ इंडियन क्रिकेट कहे जाने वाले शुभमन गिल ने वनडे वर्ल्ड कप में पहला अर्धशतक पूरा किया। दर्शक दीर्घा में बैठी सारा तेंदुलकर समेत तमाम लोगों ने प्रिंस का इस्तकबाल किया। मेहदी हसन मिराज ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को डाउन द विकेट आते हुए देख लिया था। इसलिए उन्होंने गेंद की लेंथ पीछे खींच ली। गिल गेंद की पिच तक नहीं पहुंच सके, लेकिन फिर भी उन्होंने शॉट खेल दिया। बॉटम ऑफ द बैट से लगकर गेंद मिडविकेट में तैनात महमूदुल्लाह के हाथ चली गई। शुभमन गिल ने 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 53 रनों की पारी खेली।

भारत को 132 पर दूसरा झटका लगा। ठीक इसी तरीके से इसी गेंदबाज के खिलाफ तीसवें ओवर की पहली गेंद पर श्रेयस अय्यर भी आउट हुए। श्रेयस भी डाउन द ट्रैक आकर मिडविकेट क्लियर करने के प्रयास में महमूदुल्लाह को कैच दे बैठे। श्रेयस ने 25 गेंद पर 19 रन बनाए और भारत को 178 पर तीसरा झटका लगा। यहां से विराट कोहली और केएल राहुल ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने 61 गेंद पर 83 रन जोड़कर भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी। विराट 103* और केएल राहुल 34 पर नाबाद रहे।

Ind vs Ban: पिछले 4 वनडे में 3 बार हारकर भारत, आज दोपहर फिर बांग्लादेश से भिड़ेगा

IND vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय

Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)
Aaj Ki Khabren athlete news India cricket news today football news India IND vs BAN India sports news IPL latest update Sports News sports update Hindi

Join WhatsApp

Join Now