Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Republic Day 2025: विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को किया सम्मानित

Published on: 26 January 2025
Republic Day 2025: विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को किया सम्मानित

Republic Day 2025: नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा तथा व्यवसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। राजेश धर्माणी ने इस अवसर पर अदम्य साहस और अपनी जान की परवाह न कर उच्च मानवीय संवेदना के प्रदर्शन के लिए रितिक चौहान को सम्मानित किया।

उलेखनीय है कि रितिक चौहान ने 10 अप्रैल, 2024 को दो बच्चियों को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया था किंतु वह स्वयं गम्भीर रूप से घायल हो गए थे और पी.जी.आई. चण्डीगढ़ में उपचार के दौरान उनकी एक टांग काटनी पड़ी। उन्होंने रितिक चौहान को 25 हजार रुपए तथा योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृष चौहान को 11 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर वर्ष 2003 में जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा में शहीद सुदेश कुमार, सेना मेडल की धर्मपत्नी मंजू बाला को सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों को विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छता अभियान के अग्र दूत के लिए राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की के प्रधानाचार्य राजकुमार को सम्मानित किया।

राजेश धर्माणी ने राजकीय उच्च पाठशाला कनाह की मुख्य अध्यापिका ममता गुप्ता को शिक्षण कार्यों में नवाचार, बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए 11 उच्च अधिकारियों के संघर्ष को शब्दों में ढालकर ‘संघर्ष से शिखर तक’ पुस्तक लिखने, बच्चों के लिए गणित और विज्ञान सुगम बनाने के लिए अपनी कमाई से खरड़हट्टी विद्यालय में प्रदेश का पहला साईंस पार्क बनाने के लिए सम्मानित किया।

उन्होंने वाणिज्य विषय के प्रवक्ता और प्रमाणीकृत जूडो कोच वीरेन्द्र सिंह धौल्टा को स्कूल समय के उपरांत जूडो की निःशुल्क कोचिंग देने, वर्ष 2024 में राष्ट्रीय स्तर के 30 जूडो खिलाड़ी तैयार करने के लिए सम्मानित किया।

राजेश धर्माणी ने राजकीय केन्द्रीय प्राथमिक पाठशाला शमरोड़ के जे.बी.टी. शशि पॉल को विद्यालय में आधुनिक कम्प्यूटर प्रयोगशाला स्थापित करने, सरकारी विद्यालय के छात्रों को जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन के लिए निःशुल्क कोचिंग देने और हर घर पाठशाला के तहत अंग्रेजी विषय के डिजिटीकरण के लिए सम्मानित किया।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने प्रशंसनीय सेवाओं के लिए पुलिस थाना सदर सोलन के एस.एच.ओ. निरीक्षक हंस राज, पुलिस थाना धर्मपुर के एस.एच.ओ. उप निरीक्षक दलीप सिंह, ज़िला पुलिस के साथ सम्बद्ध उप निरीक्षक विनय कुमार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सोलन में कार्यरत सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार तथा सहायक उप निरीक्षक हुसन पंवार, पुलिस थाना कण्डाघाट में तैनात सहायक उप निरीक्षक जगत राम तथा ज़िला पुलिस साईबर सेल के आरक्षी दयानन्द, आरक्षी दलीप सिंह और आरक्षी सौरभ को सम्मानित किया।

राजेश धर्माणी ने अनुकरणीय सेवाओं के लिए दाड़लाघाट में कार्यरत मुख्य आरक्षी प्रकाश, पुलिस थाना दाड़लाघाट के उप निरीक्षक अंकुश शर्मा, मुख्य आरक्षी ब्रिज मोहन, मानद सहायक उप निरीक्षक बाल कृष्ण, मानद मुख्य आरक्षी मेहर चन्द, महिला आरक्षी बिन्दु, पुलिस थाना सदर सोलन में कार्यरत मुख्य आरक्षी शुभम ठाकुर, पुलिस लाईन सोलन में तैनात मानद सहायक उप निरीक्षक भूपेन्द्र कंवर और मानद सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, पुलिस लाईन सोलन में तैनात चीफ ड्रिल इंस्ट्रक्टर रतन ठाकुर और यातायात पुलिस सोलन के आरक्षी भूपेन्द्र कुमार को सम्मानित किया।

आवास मंत्री ने बेहतर सेवाओं के लिए ज़िला पुलिस के आरक्षी विनोद कुमार तथा आरक्षी अरुण मेहता, मुख्य आरक्षी मनोज कुमार, पुलिस चौकी सोलन में कार्यरत मुख्य आरक्षी बलवीर सिंह, ज़िला नियंत्रण कक्ष सोलन तथा साइफर प्रणाली के इंचार्ज उप निरीक्षक जोगिन्द्र पाल तथा वी.एच.एफ. ऑपरेटर मानद सहायक उप निरीक्षक मोहन सिंह और मानद सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह को भी सम्मानित किया।

उन्होंने ज़िला पुलिस बद्दी के बद्दी थाना में कार्यरत उप निरीक्षक विपन कुमार, रामशहर थाना के सहायक उप निरीक्षक धनवीर सिंह, ए.आई. सेल के मुख्य आरक्षी ओंकार राणा, मानपुरा थाना की आरक्षी पुष्पा देवी और बद्दी पुलिस के आरक्षी सुमित कुमार को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।

राजेश धर्माणी ने 68वें राष्ट्रीय विद्यालय खेलों में कुराश में कांस्य पदक जीतने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी के गौरव शर्मा, राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन की दीपांशी धुली और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी की याशिका शर्मा को सम्मानित किया। उन्होंने इन राष्ट्रीय खेलों में चयन के लिए पीयूष, सूजल, दीपांशी, गौरव, सुंतली, अदिति नेगी, कशिश, याशिका शर्मा, प्रियंका और वैजन्ति को भी सम्मानित किया।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने ज़िला रेडक्रॉस समिति के वाहन चालक गोपाल दास को, उपायुक्त कार्यालय के कनिष्ठ सहायक राकेश कुमार, नगर निगम सोलन में गत 36 वर्षों से कार्यरत सफाईकर्मी शीला देवी और गत 27 वर्षों से मिस्त्री का कार्य कर रहे महेन्द्र सिंह को भी सम्मानित किया।

कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ए.पी.एम.सी. सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षदगण, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश ठाकुर, सुरेन्द्र सेठी, शिव कुमार, विकास काल्टा, अन्य वरिष्ठ नेता, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।

Solan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan News

Join WhatsApp

Join Now