Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Shimla: मुख्यमंत्री ने भूटान सरकार को 5000 से अधिक चिलगोजा के पौधे भेंट किए

Published on: 12 August 2025
Shimla: मुख्यमंत्री ने भूटान सरकार को 5000 से अधिक चिलगोजा के पौधे भेंट किए

Shimla News: रॉयल भूटानी एम्बेसी के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन ताशी पेलडन और मंत्री सलाहकार चिमी वांगमो के नेतृत्व में भूटान साम्राज्य के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की तथा परस्पर संबंधों पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और भूटान के बीच संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच 1949 में मैत्री समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे, जिसे 2007 में नवीनीकृत किया गया।

उन्होंने कहा कि इन संबंधों को और अधिक मजबूत करते हुए प्रदेश की जनता की ओर से मित्रता के प्रतीक के रूप में भूटान सरकार के वन एवं पार्क सेवा विभाग को आज 5000 से अधिक चिलगोजा पौधे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी अक्तूबर में, जाईका परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूहों द्वारा एकत्र किए गए 50 किलोग्राम चिलगोजा के बीज भी भूटान को प्रदान किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चिलगोजा के पौधे जिला किन्नौर तथा जिला चंबा के पांगी और भरमौर क्षेत्रों में पाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि चिलगोजा के बीज किन्नौर जिला के लोगों की आजीविका में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बाजार में इन्हें अच्छा मूल्य प्राप्त होता है।

उन्होंने बताया कि इन बीजों में औषधीय गुणों के साथ-साथ एंटीऑक्सीडेंट तत्व भी प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। उन्होंने भूटान सरकार को चिलगोजा के पौधे लगाने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करने की पेशकश की।

ताशी पेलडन ने चिलगोजा के पौधे प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल मैत्री संबंधों को और मजबूत बनाने में सहायक होगी। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर तथा प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद भी उपस्थित रहे।

Himachal NewsHimachal News in HindiHimachal News TodayHimachal News UpdateShimla latest updateShimla Local NewsShimla NewsShimla News TodayShimla tourism newsShimla Weather Update

Join WhatsApp

Join Now