Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Punjab AAP MLA: रेप के आरोप में गिरफ्तार AAP विधायक पुलिस हिरासत से फरार, साथियों ने की पुलिस पर फायरिंग

Published on: 2 September 2025
Punjab AAP MLA: रेप के आरोप में गिरफ्तार AAP विधायक पुलिस हिरासत से फरार, साथियों ने की पुलिस पर फायरिंग

Punjab AAP MLA : पंजाब की सन्नौर सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पुलिस हिरासत से सनसनीखेज तरीके से फरार हो गए हैं। उन पर रेप का गंभीर आरोप है, जिसके चलते हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। लेकिन, गिरफ्तारी के दौरान उनके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद हरमीत सिंह मौके से भाग निकले। इस घटना में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है।

पूर्व पत्नी ने दर्ज कराई थी FIR
हरमीत सिंह के खिलाफ उनकी पूर्व पत्नी ने बलात्कार, धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में जिरकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया है कि हरमीत ने खुद को तलाकशुदा बताकर उनके साथ रिश्ता बनाया और बाद में धोखे से शादी की, जबकि वह पहले से शादीशुदा थे। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हरमीत ने उन्हें धमकियां दीं और अश्लील सामग्री भेजी।

पार्टी और सरकार पर साधा था निशाना
गिरफ्तारी से एक दिन पहले हरमीत सिंह ने फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर पंजाब की भगवंत मान सरकार और दिल्ली में बैठे AAP नेताओं पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि दिल्ली का AAP नेतृत्व पंजाब पर अनुचित नियंत्रण रखने की कोशिश कर रहा है और उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। वीडियो में उन्होंने कहा, “अफसरों को लगता है कि वे कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन अगर मैं गलत हूं तो मेरे खिलाफ FIR कर दो। पंजाब के लिए काम करो, दिल्ली वालों के चक्कर में मत पड़ो।” उन्होंने पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर भी सरकार और नौकरशाही की निष्क्रियता पर सवाल उठाए थे।

पुलिस पर फायरिंग, घायल हुआ जवान
सूत्रों के मुताबिक, हरमीत सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस की एक टीम हरियाणा के डबरी गांव में उनके एक रिश्तेदार के घर पहुंची थी। इस ऑपरेशन में स्थानीय करनाल पुलिस और तीन SHO-स्तर के अधिकारी भी शामिल थे। लेकिन, जैसे ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, हरमीत के समर्थकों और कुछ स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके साथियों ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसके बाद हरमीत एक सफेद SUV में सवार होकर फरार हो गए। इस घटना में एक पुलिसकर्मी को गाड़ी से टक्कर लगने के कारण चोटें आईं।

वकील ने बताया राजनीतिक साजिश
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हरमीत सिंह के वकील, एडवोकेट सिमरनजीत सिंह सग्गु ने इस मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह FIR बाढ़ संकट को लेकर हरमीत की मुखर आलोचना का नतीजा है। वकील ने कहा कि शिकायतकर्ता ने पहले स्वीकार किया था कि वह हरमीत के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी और सुलह की इच्छा जताई थी। इसके बावजूद, बलात्कार (IPC धारा 376) और धोखाधड़ी (धारा 420) जैसे गंभीर आरोप लगाए गए, जो उनके मुताबिक आधारहीन हैं।

पुलिस की तलाश जारी
पंजाब और हरियाणा पुलिस अब संयुक्त रूप से हरमीत सिंह की तलाश में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधायक को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने पंजाब की सियासत में हलचल मचा दी है, और AAP के भीतर चल रही खींचतान को और उजागर कर दिया है।

Aaj Ki Khabrendaily news Indialatest hindi newsnewsnews update todaysamachar todaytoday news Hinditop headlines today

Join WhatsApp

Join Now