Chamba Road Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भटियात उपमंडल के अंतर्गत ककीरा में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया है। सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच पर्यटकों से भरी एक इनोवा क्रिस्टा टैक्सी (नंबर HP 01M-2961) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल गुजरात के भावनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो मनाली से डलहौजी की ओर भ्रमण पर निकले थे।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिसके कारण सड़क पर भारी फिसलन और दृश्यता कम होना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। गाड़ी में ड्राइवर सहित कुल 10 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और बचाव दल को शवों को बाहर निकालने के लिए कार की खिड़कियों को काटना पड़ा। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों में भावनगर के घोघा सर्कल निवासी ललितभाई पतनानी और उनकी पत्नी ममताबेन ललितभाई शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, उनकी पत्नी काजल और पुत्र दियान्श की भी इस हादसे में मृत्यु हो गई है। वाहन चालक जसवंत कुमार, जो मंडी जिले के जोगिंदरनगर के रहने वाले थे, ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र और गुजरात स्थित उनके पैतृक निवास में शोक की लहर दौड़ा दी है।
इस हादसे ने गंभीर रूप से घायल हुए चार लोगों को तत्काल चुवाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है। घायलों में मयंक ललितभाई पतनानी, उनकी पत्नी फोरमबेन और तीन वर्षीय पुत्र जियान्श के साथ-साथ प्रियंक भोपानी की तीन वर्षीय पुत्री प्रियान्शी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भी घटना पर शोक जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उधर, चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम को बड़ी वजह माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
















