Kangra News: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी के समीप अंब-पठियार बाईपास पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। जहां एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल चल रही 22 वर्षीय युवती को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती का सिर वाहन के टायरों के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती की दोनों टांगे भी इस हादसे में टूट गई थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय युवती के साथ मौजूद युवक से हुई प्रारंभिक पूछताछ में इस मामले से जुड़े कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बता दें कि मृतका की पहचान सिमरन जीत कौर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब की रहने वाली थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिमरन अपने प्रेमी के साथ घर से भागकर शादी करने के उद्देश्य से ज्वालामुखी पहुंची थी। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है कि दोनों ने शादी कर ली थी या नहीं।
मृतक युवती के साथ आए युवक ने जानकारी दी कि वे दोनों बीते दिन माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने के उपरांत ज्वालामुखी पहुंचे थे। यहां उन्होंने ज्वालाजी माता के दर्शन किए और शहर की ही एक धर्मशाला में कमरा किराए पर लिया था। सोमवार शाम के समय दोनों टहलने के उद्देश्य से पैदल ज्वालाजी-नादौन मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंब बाईपास पर एक तेज रफ्तार वाहन ने सिमरन जीत कौर को रौंद दिया और फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर अत्यंत भयानक था। सड़क पर चारों ओर खून फैल गया और चीख-पुकार मच गई। अपनी प्रेमिका को खोने के गम में युवक सड़क पर ही बैठकर बदहवास होकर रोता रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को चादर से ढंककर तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों का गुस्सा पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर फूट पड़ा।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक पुलिस का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस देरी के कारण युवती का शव बीच सड़क पर ही पड़ा रहा। हालांकि, 108 एम्बुलेंस समय पर पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस की अनुपस्थिति के कारण कानूनी औपचारिकताओं की वजह से शव को उठाया नहीं जा सका। काफी समय बाद दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की कागजी कार्रवाई शुरू की गई।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
















