Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Panic Disorder: अचानक तेज धड़कन और घबराहट होना क्या किसी बड़े खतरे का संकेत है?

मानसिक तनाव और बदलती जीवनशैली के बीच तेजी से पैर पसार रही पैनक डिसऑर्डर की समस्या को अक्सर लोग सामान्य घबराहट समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती है।
By PNT
Published on: 27 May 2026
Panic Disorder: अचानक तेज धड़कन और घबराहट होना क्या किसी बड़े खतरे का संकेत है?

Panic Disorder: आज के समय में मानसिक तनाव लोगों की जिंदगी का सामान्य हिस्सा बन चुका है। काम का दबाव, भविष्य की चिंता, पारिवारिक जिम्मेदारियाँ और बदलती जीवनशैली लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को गहराई से प्रभावित कर रही हैं। इन्हीं समस्याओं के बीच एक ऐसी स्थिति तेजी से सामने आ रही है, जिसे लोग अक्सर सामान्य घबराहट समझकर नजरअंदाज कर देते हैं: पैनिक डिसऑर्डर।

यह समस्या केवल डर महसूस करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि कई बार व्यक्ति को अचानक ऐसा महसूस होता है, जैसे उसकी धड़कन बहुत तेज़ हो गई हो, सांस रुक रही हो, या कोई बड़ी दुर्घटना होने वाली हो। कुछ लोग इसे हार्ट अटैक तक समझ लेते हैं।

मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, पैनिक डिसऑर्डर एक ऐसी अवस्था है जिसमें व्यक्ति को बार-बार तीव्र घबराहट के दौरे पड़ते हैं। ये दौरे अचानक आते हैं और कुछ मिनटों तक व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से असहज बना देते हैं।

आखिर पैनिक अटैक होता क्या है?
पैनिक अटैक शरीर और मस्तिष्क की अचानक तीव्र प्रतिक्रिया है। जब दिमाग किसी खतरे को महसूस करता है, तब शरीर “फाइट या फ्लाइट” मोड में चला जाता है, यानी शरीर खुद को खतरे से लड़ने या वहाँ से भागने के लिए तैयार करता है। हालाँकि, पैनिक डिसऑर्डर में अक्सर वास्तविक खतरा मौजूद नहीं होता, लेकिन शरीर उसी तरह प्रतिक्रिया देता है जैसे कोई बड़ी आपात स्थिति हो।

इस दौरान व्यक्ति को ये महसूस हो सकता है: दिल की धड़कन तेज़ होना, सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न, चक्कर आना, अत्यधिक पसीना, हाथ-पैर काँपना, या अचानक मरने या बेहोश होने का डर। ये लक्षण कुछ मिनटों के लिए बहुत तीव्र हो सकते हैं, लेकिन उनका मानसिक प्रभाव लंबे समय तक बना रह सकता है।

अचानक धड़कन तेज़ क्यों हो जाती है?
जब व्यक्ति तनाव या भय महसूस करता है, तब शरीर में एड्रेनालिन जैसे हार्मोन तेजी से बढ़ जाते हैं। यही हार्मोन दिल की धड़कन बढ़ाते हैं, ताकि शरीर ज्यादा ऊर्जा प्राप्त कर सके। सामान्य परिस्थितियों में यह प्रतिक्रिया शरीर की सुरक्षा के लिए होती है, लेकिन पैनिक डिसऑर्डर में यही प्रक्रिया बिना किसी वास्तविक खतरे के बार-बार सक्रिय हो जाती है। परिणामस्वरूप, व्यक्ति को अचानक घबराहट और बेचैनी महसूस होने लगती है।

इस समस्या के पीछे कौन से कारण जिम्मेदार हैं?
लगातार मानसिक तनाव, बचपन के नकारात्मक अनुभव, पारिवारिक प्रभाव, नींद और जीवनशैली, तथा सामाजिक दबाव प्रमुख कारण हैं। लंबे समय तक तनाव में रहने वाले लोगों में पैनिक डिसऑर्डर की संभावना अधिक देखी जाती है। भावनात्मक आघात, डर या असुरक्षा का प्रभाव कई बार बड़े होने के बाद भी मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है।

यदि परिवार में किसी सदस्य को चिंता या घबराहट से जुड़ी समस्या रही हो, तो जोखिम बढ़ सकता है। अपर्याप्त नींद, अनियमित दिनचर्या, अत्यधिक कैफीन और स्क्रीन टाइम भी इस समस्या को बढ़ा सकते हैं। आज की प्रतिस्पर्धी जीवनशैली में लोगों पर सफल दिखने का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जो मानसिक तनाव का बड़ा कारण बन रहा है।

युवाओं में तेजी से बढ़ती समस्या
विशेषज्ञ मानते हैं कि छात्रों और युवाओं में एंग्जायटी और पैनिक से जुड़ी समस्याएँ पहले की तुलना में अधिक देखी जा रही हैं। परीक्षा और करियर का दबाव, सोशल मीडिया पर तुलना, अकेलापन, असफलता का डर, और भविष्य की अनिश्चितता, ये सभी कारण मानसिक अस्थिरता को बढ़ा सकते हैं। कई युवा अपनी परेशानी साझा नहीं कर पाते, क्योंकि उन्हें लगता है कि लोग उनका मजाक उड़ाएँगे या उन्हें कमजोर समझेंगे।

क्या पैनिक डिसऑर्डर का इलाज संभव है?
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सही समय पर पहचान और उपचार से इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। मनोवैज्ञानिक परामर्श (काउंसलिंग) और संज्ञानात्मक व्यवहार थेरेपी (CBT) व्यक्ति को अपने डर और नकारात्मक विचारों को समझने में मदद करती है। कुछ मामलों में डॉक्टर एंग्जायटी या तनाव कम करने वाली दवाइयाँ भी देते हैं।

गहरी साँस लेने की तकनीक, ध्यान (मेडिटेशन) और नियमित योग तनाव कम करने में सहायक होते हैं। इसके अलावा, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन, कैफीन कम लेना, और मोबाइल तथा स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करना, एक स्वस्थ दिनचर्या मानसिक स्वास्थ्य सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

समाज को सोच बदलने की जरूरत
हमारे समाज में आज भी मानसिक स्वास्थ्य को गंभीरता से नहीं लिया जाता। कई लोग घबराहट या चिंता से जूझ रहे व्यक्ति को “कमज़ोर” या “ओवरथिंकिंग” कहकर टाल देते हैं। वास्तव में, मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति को बार-बार अचानक घबराहट, तेज़ धड़कन या डर महसूस हो रहा है, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

पैनिक डिसऑर्डर कोई मामूली घबराहट नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी एक वास्तविक स्थिति है, जो व्यक्ति के दैनिक जीवन को गहराई से प्रभावित कर सकती है। सही जानकारी, समय पर उपचार और परिवार के सहयोग से व्यक्ति सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है।

लेखिका: शिल्पी शर्मा (पी.एच.डी. शोधार्थी)

Anxiety AttackHealth TipsMental HealthPanic DisorderWellnessYouth Mental Health

Join WhatsApp

Join Now