Mandi News Today: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से सोमवार सुबह एक बेहद डरावनी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां HRTC सुंदरनगर डिपो की एक बस हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। जानकारी के मुताबिक गुरुकोठा रूट से आ रही यह बस अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस जाने के कारण हवा में लटक गई।
गनीमत यह रही कि बस पलटकर नीचे नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया। घटना के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी मुताबिक यह घटना सोमवार सुबह उस समय हुई जब सुंदरनगर डिपो की यह बस हर रोज की तरह अपने निर्धारित रूट पर आगे बढ़ रही थी।

जैसे ही बस हल्यातर के समीप पहुंची, सामने से एक सब्जी से लदी हुई गाड़ी आ गई। संकीर्ण मार्ग होने के कारण बस चालक ने सामने से आ रही गाड़ी को पास देने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क के किनारे लगा डंगा अचानक बैठ गया और बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। डंगा गिरने से बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई की तरफ झुक गई।
सड़क धंसने और टायर बाहर निकलने के बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और मौके पर पूरी तरह अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस गंभीर आपातकालीन स्थिति में बस चालक ने असाधारण सूझबूझ और धैर्य का परिचय दिया। चालक ने बस को पीछे करने की कोशिश की, लेकिन आगे का टायर लगातार जमीन में धंसता जा रहा था। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ से काम लिया और बस को वहीं नियंत्रित कर लिया।
चालक ने दुर्घटना के तुरंत बाद बस के ब्रेक को पूरी ताकत से दबाए रखा। जानकारों के अनुसार, यदि चालक उस समय बस को बंद कर देता, तो इंजन बंद होने के झटके से गाड़ी सीधे नीचे खाई में गिर सकती थी। इस खतरे को भांपते हुए चालक ने पैर ब्रेक से नहीं हटाया और उसी स्थिति में सबसे पहले बस में सवार सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर आने के बाद ही चालक ने बस को बंद किया। स्थानीय प्रशासन और विभाग को इस घटना की सूचना दे दी गई है। उधर परिवहन निगम ने सूचना मिलते ही अपनी टीम जांच के लिए भेजी।


















