Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

सुक्खू कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल! मंत्रियों के बदलेंगे विभाग और सुंदर ठाकुर बनेंगे मंत्री, उपाध्यक्ष पद की रेस में ये 2 दिग्गज आगे

Himachal Cabinet Expansion 2026: हिमाचल प्रदेश में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिए स्पष्ट संकेत, हाईकमान की मंजूरी के बाद कुल्लू विधायक सुंदर सिंह ठाकुर लेंगे मंत्री पद की शपथ, और कई मंत्रियों के बदलेंगे विभाग
Published on: 11 August 2026
सुक्खू कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल! मंत्रियों के बदलेंगे विभाग और सुंदर ठाकुर बनेंगे मंत्री, उपाध्यक्ष पद की रेस में ये 2 दिग्गज आगे

Himachal Pradesh Cabinet Expansion: हिमाचल प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है, इसके साथ ही कुछ मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव किया जा सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित अग्निशमन विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान इस बात के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हाईकमान की अनुमति मिलते ही प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस विस्तार के साथ ही कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर कभी भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक प्रस्तावित है, लेकिन सुंदर सिंह ठाकुर का शपथ ग्रहण इस बैठक से पहले भी संपन्न हो सकता है। यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री ने सुंदर सिंह ठाकुर को सरकार में शामिल करने का संकेत दिया है। इससे पहले 7 अगस्त को मशोबरा में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से यह बात दोहरा चुके हैं।

बता दें कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने के लगभग पौने चार साल के लंबे अंतराल के बाद कुल्लू जिले को हिमाचल सरकार के मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है। ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल के दौरान भी कुल्लू जिले को मंत्री पद मिलने में देरी हुई थी, जब 27 अगस्त 2015 को कर्ण सिंह को आयुर्वेद मंत्री बनाया गया था। उस समय कुल्लू को ढाई साल बाद मंत्रिमंडल में स्थान मिला था, जबकि इस बार यह इंतजार अधिक लंबा होकर पौने चार साल का हो चुका है। माना जा रहा है कि विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले-पहले सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी हो सकती है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नए मंत्री के चयन में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के साथ-साथ वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों को विशेष ध्यान में रखा गया है। इसके अलावा, सीएम के अनुसार नए मंत्री के शपथ ग्रहण के बाद अन्य मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल की संभावना है। विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू हो रहा है और सत्र की समाप्ति के बाद विभागों में फेरबदल का यह निर्णय लिया जा सकता है।

सुंदर सिंह ठाकुर की ताजपोशी के बाद प्रदेश में विधानसभा उपाध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस दौड़ में पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल और ज्वालामुखी से विधायक संजय रतन का नाम प्रमुखता से चर्चा में है। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट में कुल 11 सदस्य शामिल हैं। जिलावार स्थिति की बात करें तो हमीरपुर से मुख्यमंत्री और ऊना से उपमुख्यमंत्री हैं।

शिमला जिले से सर्वाधिक 3 मंत्री हैं, जबकि कांगड़ा से 2 और सोलन, सिरमौर, बिलासपुर तथा किन्नौर से 1-1 मंत्री हैं। चंबा से विधानसभा अध्यक्ष हैं। इसके विपरीत मंडी, लाहौल-स्पीति, चंबा और कुल्लू जिले से वर्तमान में कोई भी कैबिनेट मंत्री नहीं है। संसदीय क्षेत्रवार देखा जाए तो शिमला संसदीय क्षेत्र से 5 मंत्री, हमीरपुर से 3, कांगड़ा से 2 और मंडी से 1 मंत्री है। इस प्रकार सरकार और संगठन दोनों में ही शिमला संसदीय क्षेत्र का पलड़ा भारी नजर आता है।

Cabinet ExpansionHimachal Pradesh NewsKullu PoliticsSukhu GovernmentSundar Singh Thakur

Join WhatsApp

Join Now