Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक माहौल बेहद गर्म हो गया। काउंसिल चेंबर के बाहर सत्ता पक्ष कांगेस और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के विधायक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक जोरदार नारेबाजी हुई, जिससे पूरा परिसर राजनीतिक अखाड़े में तब्दील नजर आया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने परिसर में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायक हाथों में प्रतीकात्मक रूप से ‘अटैचियां’ और सरकार विरोधी तख्तियां लेकर पहुंचे। भाजपा विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक भ्रष्टाचार को लेकर तीखे हमले किए।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने में और हर चौक-चौराहे पर इस भ्रष्टाचार की चर्चा हो रही है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में इस स्तर का संगठित भ्रष्टाचार पहले कभी देखने को नहीं मिला।
अपने आरोपों को बल देने के लिए नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सीपीएस नीरज भारती के बयानों का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज भारती के बयानों से यह स्पष्ट होता है कि मौजूदा शासनकाल में तीन अटैचियां दिल्ली भेजी जा रही हैं, जबकि दो अटैचियां मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े है। आज हर काम के रेट तय है। ऑर्गेनाइज्ड ढंग से भ्रष्टाचार के लिए आदमी और कमीशन तय है। हेल्थ में सप्लाई का सामान कौन खरीदेगा, यह भी तय है। टेंडर किसे देने है, यह भी तय है। आउटसोर्स एजेंसी किसे दी जानी है, यह सब पहले से तय है।
दूसरी ओर, सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी विपक्ष के इन आरोपों का पुरजोर जवाब दिया। कांग्रेस विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। सत्ता पक्ष का आरोप है कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के वित्तीय हकों को रोक रही है, जिससे राज्य के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। सदन के बाहर हुए इस हंगामे और ‘अटैची’ प्रदर्शन के कारण मानसून सत्र के तीसरे दिन भी कार्यवाही शुरू होने से पहले राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है।


















