Paonta Sahib Minor Rape Case: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में 10 साल की मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी युवक की मां को भी गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज हुए बच्ची के बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर महिला की संलिप्तता स्पष्ट हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले में आरोपी की मां ही मुख्य साजिशकर्ता थी। आरोप है कि उसने ही मासूम बच्ची को जबरदस्ती अपने बेटे की बाइक पर बैठाया था। आरोपी लकी, जो पेशे से हलवाई का काम करता है, बच्ची को वाई-पॉइंट के पास रामशरणम आश्रम वाले रोड की तरफ बहला-फुसलाकर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के दौरान मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र होने लगे। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और बच्ची का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी लकी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था।
मामले में आरोपी महिला की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और सिविल अस्पताल में उसका मेडिकल करवाया गया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान महिला ने पुलिस स्टेशन में हंगामा करने की कोशिश की, हालांकि पुलिस की सख्ती के बाद वह वह शांत हो गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने की है।
















