Shimla News: शिमला के होटल कारोबारी के घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। जानकारी के अनुसार शिमला में होटल कारोबारी के घर हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी की जांच में अब उत्तराखंड में कथित तौर पर चोरी के माल को खुर्द-बुर्द करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषण और कीमती सामान लेकर भाग रहे आरोपियों को उत्तराखंड के रुद्रपुर में आबकारी विभाग की टीम ने रोका था।
आरोप है कि इस दौरान टीम ने चोरी के माल का करीब आधा हिस्सा अपने पास रख लिया और आरोपियों को छोड़ दिया। इस मामले में आबकारी इंस्पेक्टर देवेन्द्र कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस कार्रवाई के बाद देवेन्द्र कुमार को निलंबित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
बता दें कि मामला शिमला के सदर थाना क्षेत्र का है, जहां शिमला के प्रसिद्ध बालजीस होटल और रेस्टोरेंट के मालिक के घर से ज्वेलरी, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ था। 8 सितंबर 2026 को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस को शिकायतकर्ता ने बताया कि घर में सफाई के लिए रखी गई युवती के आने के बाद ही यह वारदात हुई। सुबह कमरे की अलमारियां खुली थीं और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। छानबीन की गई तो 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी व जेवरात गायब पाए गए।
इसके बाद पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की वारदात के बाद आरोपी चोरी का सामान लेकर उत्तराखंड की ओर चले गए थे। इसी दौरान रुद्रपुर में आबकारी विभाग की टीम ने उनकी गाड़ी की तलाशी ली। आरोप है कि टीम ने चोरी के माल का करीब आधा हिस्सा अपने पास रख लिया और आरोपियों को वहां से जाने दिया।
इसके बाद में शिमला पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र कुमार (56), पप्पु लाल (58), बलजीत सिंह (35) और नईम (36) शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक अब तक चोरी की संपत्ति का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद किया जा चुका है। मामले में बाकी संपत्ति की बरामदगी के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के माल को रास्ते में किस तरह और किन लोगों के जरिए ठिकाने लगाया गया।
शिमला की एएसपी मेहर कंवर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एएसपी ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में सदर थाना शिमला की टीम ने ऊधम सिंह नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


















