Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Chamba News: राजस्व मंत्री ने 4.11 करोड़ से बने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास भवन का किया लोकार्पण

Eklavya School Hostel: राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने चंबा के होली में 4.11 करोड़ रुपये से बने 60 सीटर नए छात्रावास भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने आपदा के बावजूद प्रदेश में समान विकास का आश्वासन दिया।
Published on: 25 सितम्बर 2026
Chamba News: राजस्व मंत्री ने 4.11 करोड़ से बने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास भवन का किया लोकार्पण

Chamba News: राजस्व, बागवानी तथा जनजातीय विकास मंत्री मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र होली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित छात्रवास भवन का विधिवत लोकार्पण किया। 4 करोड़ 11 लाख रूपये की लगत से बने इस छात्रवास भवन में 60 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा तैयार की गई है। इस बहु मंजिला भवन में 10 कमरे बनाए गए हैं तथा प्रत्येक कमरे में 6 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा है।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने विद्यालय से जुड़े सभी विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सर्वांगीण विकास के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय होली के भवन का शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा तथा इसके लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि होली हेलीपैड के लिए चिन्हित भूमि, जो एकलव्य विद्यालय के निर्माण के लिए प्रस्तावित की गई थी, उसे हेलीपैड के रूप में ही बनाए रखा जाएगा।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थी शिक्षा, खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं कर्तव्य निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं को समाज में बढ़ रहे चिट्टा जैसे घातक नशों से दूर रहने तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश का भविष्य है तथा युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने एकलव्य विद्यालय के लिए एक लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकर राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है तथा इन्हीं प्रयासों के अंतर्गत प्रदेश के 60 विधानसभा क्षेत्रों के 150 स्कूलों में इस वर्ष से सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2023 व 2025 के दौरान आई प्राकृतिक आपदा में हजारों करोड रुपए का नुकसान हुआ है बावजूद इसके हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य में एक समान चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों एवं विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं एवं जनजीवन को पुनः पटरी पर लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं तथा सरकार प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष ललित ठाकुर, हि.प्र. कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी, एडीएम विकास शर्मा, एसडीएम अजय कुमार, डीएफओ रजनीश महाजन, डीएसपी बलदेव दत्त शर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि भालचंद ठाकुर, एचपीएसईबीएल एच आर चौहान, आरटीडीसी विजय चौहान, तहसीलदार अजय कुमार व तेजराम भारद्वाज , खंड चिकित्सा अधिकारी डा दिपेश बराल तथा स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय प्रतिनिधि गण भी उपस्थित थे।

Chamba NewsEklavya Residential SchoolEklavya School HostelHimachal Pradesh NewsJagat Singh Negi

Join WhatsApp

Join Now