Una Accident News: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में शनिवार सुबह पीरनिगाह मंदिर से माथा टेककर लौट रहे पंजाब के एक परिवार के साथ बड़ा हादसा हो गया। मंदिर से कुछ दूरी पर तीखे मोड़ पर तीन पहिया मॉडिफाइड बाइक-रेहड़ी अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। हादसे में तीन वर्षीय मासूम और उसकी 65 वर्षीय दादी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य घायल हो गए।
घायलों में एक महिला के सिर में फ्रैक्चर होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया गया है। यह हादसा पीरनिगाह धार्मिक स्थल के पास उस समय हुआ, जब कपूरथला जिले के भलथ गांव का परिवार दर्शन करने के बाद घर लौट रहा था। परिवार के सदस्य मॉडिफाइड बाइक-रेहड़ी पर सवार थे। रास्ते में तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और रेहड़ी पलट गई।
वाहन पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 3 वर्षीय अखिल और उसकी दादी जिलों कुमारी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल लाड़ी (32), उसकी पत्नी हीना (30) और बच्चों अभय (10), लक्ष्य (9), आरव (3) तथा अरुण (2) का उपचार चल रहा है। इन घायलों में महिला की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।


















