Kangra News: जिस रात घर-घर दीप जल रहे थे और बच्चे अपने पिता के लौटने का इंतजार कर रहे थे, उसी रात एक परिवार की जिंदगी में ऐसा अंधेरा छा गया, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। दीपावली की खुशियां मनाने घर पहुंचे राजकुमार उर्फ राजू को क्या पता था कि बाजार का एक छोटा सा चक्कर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के भदरोआ में अज्ञात वाहन की टक्कर से 43 वर्षीय राजकुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
यह हादसा रात करीब 9:32 बजे सीएस पठानिया होटल के पास हुआ। राजकुमार पुत्र प्रकाश चंद, निवासी गांव गगवाल, डाकघर भदरोआ, तहसील इंदौरा, दीपावली के मौके पर घर के लिए पटाखे और मिठाइयां लेकर पहुंचे थे। इसके बाद वह कुछ जरूरी सामान लेने के लिए दोबारा बाजार चले गए। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजकुमार की जान चली गई।
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध कार,
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध हुंडई आई-20 कार दिखाई दी है। हालांकि, फुटेज में कार का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा है।
पुलिस अब आसपास के दूसरे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांच रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे में वास्तव में इसी कार का हाथ था या कोई अन्य वाहन दुर्घटना में शामिल था।
एसपी ने दिए जांच तेज करने के निर्देश
नूरपुर की पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक का जल्द पता लगाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीन बच्चों के सिर से हमेशा के लिए उठा पिता का साया
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू राजकुमार का परिवार है। उनके पीछे एक बेटा और दो बेटियां रह गई हैं। बताया जा रहा है कि उनकी एक बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ भी है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है।
जिस पिता के घर लौटने का बच्चे इंतजार कर रहे थे, अब वही पिता कभी वापस नहीं आएगा। जिस घर में दीपावली की रौनक होनी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
परिवार को आर्थिक मदद देने की उठी मांग
राजकुमार की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरकार व प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी जल्द से जल्द फरार वाहन चालक का पता लगाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। दीपावली की रात हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर लापरवाही और हादसे के बाद मौके से भागने की गंभीर समस्या को सामने ला दिया है। राजकुमार के परिवार के लिए इस बार की दीपावली जिंदगी भर का दर्द बनकर रह गई।





















