Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

OTT से हटने के बाद दिलजीत दोसांझ ने फैंस से हर हाल में फिल्म देखने की लगाई गुहार

Zee5 Satluj Controversy: ZEE5 से फिल्म 'सतलुज' हटाए जाने के बाद अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने दर्शकों से डाउनलोडेड कॉपियों को शेयर करने की अपील की है, वहीं OTT प्लेटफॉर्म ने पायरेसी रोकने के लिए नया बयान जारी किया है।
Published on: 6 July 2026
OTT से हटने के बाद दिलजीत दोसांझ ने फैंस से हर हाल में फिल्म देखने की लगाई गुहार

Diljit Dosanjh Satluj Movie: पंजाब में मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर विवाद गहरा गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होने के महज दो दिन बाद ही इस फिल्म को अचानक हटा दिया गया। इस अप्रत्याशित कदम के बाद, मुख्य अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने दर्शकों से एक विशेष अपील की है।

उन्होंने लोगों से फिल्म की पहले से डाउनलोड की गई फाइलों और कॉपियों को आगे भेजने का आग्रह किया है ताकि यह कहानी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। भारत में इस फिल्म की आधिकारिक उपलब्धता न होने के बावजूद, सोशल मीडिया और इंटरनेट पर इसके पायरेटेड वर्जन तेजी से वायरल हो रहे हैं।

इस स्थिति को देखते हुए ZEE5 ने भी दर्शकों से इन डाउनलोडेड फाइलों को आगे न भेजने और पायरेसी को बढ़ावा न देने की अपील की है। सोमवार, 6 जुलाई को ओटीटी प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया पर एक नया बयान जारी कर दर्शकों से सहयोग मांगा है।

ZEE5 ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वे हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं और पायरेसी को बढ़ावा न दिया जाए। प्लेटफॉर्म ने प्रतिबद्धता जताई है कि वे ‘सतलुज’ को दर्शकों तक वापस पहुँचाने के लिए हर संभव रास्ता तलाश रहे हैं। इसके साथ ही एक पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें लिखा था कि सतलुज को वापस लाने के लिए वे कोशिश कर रहे हैं और लोग पायरेसी को सपोर्ट न करें।

दूसरी तरफ, अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने ऑनलाइन कंटेंट को बैन या डिलीट करने की कोशिशों पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि एक बार जब कोई कंटेंट डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो जाता है, तो उसे पूरी तरह डिलीट करना नामुमकिन है। दिलजीत ने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि आखिरकार फिल्म दर्शकों तक पहुंच गई है और अब यह जनता की फिल्म बन चुकी है, जिसे रोका नहीं जा सकता।

अभिनेता ने उन लोगों पर भी तंज कसा जो सोचते हैं कि ऑनलाइन आई चीज़ को आसानी से मिटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा सोचने वाले लोग या तो बहुत मासूम हैं या फिर उन्हें तकनीक की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने उन सभी दर्शकों से, जिन्होंने फिल्म को डाउनलोड कर लिया है, इसे आपस में और अपने दोस्तों के साथ साझा करने को कहा है ताकि फिल्म की पहुंच का दायरा बढ़ सके।

दिलजीत ने राजस्थान के एक वीडियो का भी जिक्र किया, जहां लोग इस फिल्म को देख रहे थे। उन्होंने कहा कि इसे देखकर उन्हें बेहद खुशी और तसल्ली मिली है। हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी इस फिल्म का सफर शुरू से ही मुश्किलों भरा रहा है। पहले इस फिल्म का नाम ‘पंजाब ’95’ रखा गया था, लेकिन सेंसर बोर्ड (CBFC) से जुड़े सर्टिफिकेशन विवादों के कारण यह लगभग चार साल तक रिलीज नहीं हो सकी थी।

एक लंबी कानूनी और प्रशासनिक लड़ाई के बाद आखिरकार इस फिल्म को बिना किसी कट-छाँट के ZEE5 पर प्रीमियर किया गया था। इस फिल्म का निर्माण RSVP और MacGuffin Pictures के बैनर तले किया गया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ के साथ अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यान ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।

Diljit DosanjhPiracy RowPunjab 95Satluj MovieSatluj Movie DownloadZee5 Controversy

Join WhatsApp

Join Now