Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

शिमला में सजेगा 12वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, 33 देशों की फिल्में, मनोज जोशी व अमित राय जैसे सितारे लेंगे हिस्सा

IFFS 2026 Gaiety Theatre: शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में 25 से 27 सितंबर तक 12वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री उद्घाटन करेंगे और कई दिग्गज सितारे शामिल होंगे।
Published on: 23 September 2026
International Film Festival Shimla 2026: शिमला में सजेगा 12वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, 33 देशों की फिल्में, मनोज जोशी व अमित राय जैसे सितारे लेंगे हिस्सा

International Film Festival Shimla 2026: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला एक बार फिर देश-दुनिया के सिनेमा का केंद्र बनने जा रही है। ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में 12वां अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शिमला (IFFS) 25 सितंबर से शुरू होगा। तीन दिवसीय यह महोत्सव 25 से 27 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 33 देशों और भारत के 15 राज्यों की चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

महोत्सव का उद्घाटन 25 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। वह उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। महोत्सव के दौरान दुनिया और भारत के विभिन्न हिस्सों की शॉर्ट फिल्में, डॉक्यूमेंट्री, फीचर फिल्में और एनीमेशन फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी।

उद्घाटन दिवस पर भारतीय सिनेमा की कई प्रमुख हस्तियां भी महोत्सव में शामिल होंगी। लेखक-निर्देशक अमित राय, अभिनेता मनोज जोशी और अभिनेता शारिब हाशमी सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में मौजूद रहेंगे। तीनों सिनेमा से जुड़े अपने अनुभव दर्शकों और फिल्म प्रेमियों के साथ साझा करेंगे।

25 सितंबर को अभिनेता मनोज जोशी के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसका संचालन वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी शर्मा करेंगे। वहीं, अभिनेता शारिब हाशमी पत्रकार, फिल्म एवं कला समीक्षक तथा लेखिका नॉनिका सिंह द्वारा संचालित विशेष इंटरैक्टिव सत्र में दर्शकों से संवाद करेंगे।

लेखक एवं निर्देशक अमित राय भी महोत्सव के दौरान विशेष सम्मान और संवाद सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान फिल्म निर्माण से जुड़े उनके अनुभवों और विचारों को जानने का अवसर फिल्मकारों, विद्यार्थियों और सिनेमा प्रेमियों को मिलेगा।

महोत्सव के दौरान एमपी थिएटर और गॉथिक थिएटर में फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जबकि कॉन्फ्रेंस हॉल में मास्टरक्लास आयोजित होंगी। पहली मास्टरक्लास 25 सितंबर को होगी। इसके बाद 26 और 27 सितंबर को भी फिल्म निर्माण और सिनेमा से जुड़े विषयों पर मास्टरक्लास आयोजित की जाएंगी।

इस बार महोत्सव में ईरान, बुल्गारिया, आर्मेनिया, नेपाल, पुर्तगाल, कनाडा, मैक्सिको, दक्षिण कोरिया, फ्रांस, रवांडा, युगांडा, इंडोनेशिया, यूक्रेन, स्पेन और ब्राजील समेत कई देशों की फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। भारत के अलग-अलग राज्यों से चयनित फिल्मों को भी महोत्सव में शामिल किया गया है।

फिल्मों की स्क्रीनिंग में हिंदी, अंग्रेजी, फारसी, पुर्तगाली, कोरियन, नेपाली, मराठी, तमिल, मलयालम, गुजराती और पंजाबी सहित कई भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय भाषाओं की फिल्में शामिल होंगी। महोत्सव का समापन 27 सितंबर को शाम 5 बजे पुरस्कार समारोह के साथ होगा। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

महोत्सव के निदेशक पुष्प राज ठाकुर ने कहा कि 12वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शिमला का उद्देश्य भारत और दुनिया भर के स्वतंत्र फिल्मकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही फिल्मकारों और दर्शकों के बीच सार्थक संवाद तथा विचारों के आदान-प्रदान के अवसर पैदा करना भी महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशभर के डॉक्यूमेंट्री फिल्मकारों की भागीदारी इंडियन डॉक्यूमेंट्री प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के माध्यम से हो रही है, जबकि दुनिया भर की महिला डॉक्यूमेंट्री फिल्मकारों की भागीदारी बिटचित्रा के माध्यम से होगी। इसके अलावा एनएफडीसी के माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्मों का प्रदर्शन भी महोत्सव में किया जाएगा।

12वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शिमला का आयोजन एनएफडीसी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा हिमालयन वेलोसिटी के सहयोग एवं सहभागिता से किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह फिल्म महोत्सव 25 से 27 सितंबर तक शिमला के गेयटी सांस्कृतिक परिसर में आयोजित होगा।

Gaiety TheatreHimachal Pradesh NewsIFFS 2026Indian CinemaShimla Film Festival

Join WhatsApp

Join Now