Indian Idol 16 Winner: करीब 10 महीने तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद Indian Idol 16 को आखिरकार अपना विजेता मिल गया है। ओडिशा की टैलेंटेड सिंगर ज्योतिर्मयी नायक ने शानदार प्रदर्शन के दम पर इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में उन्होंने अपनी गायकी से जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
फाइनल में अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, मिसमी बोसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला जैसे मजबूत प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए ज्योतिर्मयी ने जीत हासिल की। ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने अपनी भावनाएं भी साझा कीं और इस सफर को जिंदगी बदल देने वाला बताया।

ट्रॉफी जीतने के बाद ज्योतिर्मयी ने कहा, “Indian Idol Season 16 जीतना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। ऑडिशन में सिर्फ एक सपना लेकर आई थी और आज विजेता बनकर खड़ी हूं। यह सफर मेरी जिंदगी बदल देने वाला रहा। हर परफॉर्मेंस ने मुझे बेहतर सिंगर, बेहतर परफॉर्मर और बेहतर इंसान बनने की सीख दी। इस यात्रा में जो कुछ सीखा, उसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगी।”
ज्योतिर्मयी ने शो की पूरी टीम, जजों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं हमारे जजों, आदित्य भैया, पूरी क्रू टीम, पर्दे के पीछे दिन-रात मेहनत करने वाले हर व्यक्ति, अपने परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुझे वोट दिया। यह ट्रॉफी सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने मेरे इस सपने को सच करने में साथ दिया। मैं आगे भी ऐसा संगीत बनाना चाहती हूं जो लोगों के दिलों को छुए, मुझे लगातार सीखने का मौका दे और सभी को मुझ पर गर्व महसूस कराए।”
ज्योतिर्मयी नायक ओडिशा म्यूजिक इंडस्ट्री की जानी-मानी सिंगर हैं। Indian Idol में आने से पहले वह संगीत के जरिए कैंसर मरीजों की Music Therapy में भी योगदान दे रही थीं। इसी अनुभव ने उनकी गायकी में भावनात्मक गहराई जोड़ दी, जिसकी झलक पूरे सीजन में देखने को मिली।
पूरे सीजन में ज्योतिर्मयी ने कई यादगार प्रस्तुतियां दीं। ‘ओ जब तक है जान, जाने जहां मैं नाचूंगी’ गीत की उनकी प्रस्तुति पर दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने खड़े होकर तालियां बजाईं। वहीं ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ की प्रस्तुति ने लीना चंदावरकर को भावुक कर दिया। उनकी कई अन्य परफॉर्मेंस को भी दर्शकों और जजों ने खूब सराहा।
‘इंडियन आइडल 16’ के टॉप 3 कंटेस्टेंट्स में ज्योतिर्मयी नायक के साथ मनराज वीर सिंह और तनिष्क शुक्ला पहुंचे थे। मनराज वीर सिंह सेकंड और तनिष्क शुक्ला सेकंड रनरअप बने। दोनों को पांच-पांच लाख रुपए की रकम दी गई। ज्योतिर्मयी नायक ने ट्रॉफी अपने नाम की। सोनी एंटरटेनमेंट चैनल की ओर से उन्हें 20 लाख रुपए का कैश प्राइज मिला। साथ ही ब्रैंड न्यू मारुति सुजुकी ब्रीज़ा कार भी उन्हें सौंपी गई।


















