WhatsApp New Rules 2026: अगर आप WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जल्द ही WhatsApp इस्तेमाल करने के नियम बदलने वाले हैं। कंपनी अब भारतीय अधिकारियों के साथ मिलकर एक नया नियम लागू करने की तैयारी कर रही है, जिसे सिम-बाइंडिंग कहा जा रहा है।
इस नए नियम के मुताबिक, आपके फोन में वह सिम कार्ड होना जरूरी होगा जो WhatsApp अकाउंट से जुड़ा है और वह सिम हमेशा एक्टिव रहना चाहिए। अगर फोन में सिम नहीं है या वह बंद (डिएक्टिवेट) हो गया है, तो उस नंबर से WhatsApp चलाना मुश्किल हो जाएगा। मतलब, सिम कार्ड के बिना मैसेज भेजना या पढ़ना संभव नहीं रहेगा।
सिम-बाइंडिंग का मतलब क्या है?
सिम-बाइंडिंग एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें फोन नंबर से जुड़ा असली सिम कार्ड फोन में डाला हुआ और सक्रिय होना जरूरी होता है। इसके बाद ही WhatsApp जैसा मैसेजिंग ऐप पूरी तरह काम कर पाएगा। अगर कोई व्यक्ति सिम कार्ड निकाल देता है या उसे डिएक्टिवेट कर देता है, तो उस नंबर से जुड़ा WhatsApp अकाउंट इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इससे यूजर्स की सुरक्षा में काफी सुधार होने की उम्मीद है।
फिलहाल के नियम बहुत आसान हैं। अभी भारत में कोई भी व्यक्ति 6 अंकों का कोड डालकर किसी भी फोन पर WhatsApp में लॉगिन कर सकता है। इसके लिए यह जांच नहीं होती कि असली सिम कार्ड उस फोन में मौजूद है या नहीं। लॉगिन होने के बाद भी ऐप यह नहीं देखता कि सिम एक्टिव है या नहीं। इसी वजह से साइबर ठगों को फायदा मिलता है। वे पुराने या बंद हो चुके नंबरों का गलत इस्तेमाल करके फ्रॉड और फिशिंग अटैक कर सकते हैं। सरकार इसी समस्या को खत्म करने के लिए सख्त कदम उठा रही है।
बीटा वर्जन में मिला संकेत
WABetaInfo नाम की एक विश्वसनीय वेबसाइट ने बताया है कि WhatsApp ने अपने ऐप में यह बदलाव शुरू कर दिया है। यह फीचर Android के बीटा वर्जन 2.26.8.6 में देखा गया है। कंपनी ने कोड के जरिए सिम की एक्टिवेशन को चेक करने की प्रक्रिया जोड़ी है। WABetaInfo ने इंस्टाग्राम पर एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें यह साफ दिख रहा है। इससे लगता है कि भारत के यूजर्स के लिए सिम की जांच जल्द ही अनिवार्य हो जाएगी।
बता दें कि यह बदलाव यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए लाया जा रहा है। इससे फर्जी अकाउंट बनाना और गलत तरीके से नंबरों का इस्तेमाल करना काफी मुश्किल हो जाएगा। WhatsApp यूजर्स को अब सिम कार्ड को लेकर ज्यादा सतर्क रहना होगा।


















