Hamirpur Sailor Aditya Sharma: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के लिए एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। ओमान तट के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हुए जहाज हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई है। आदित्य हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र के निवासी थे और पालाउ ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे। उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हड़ेटा पंचायत के भालू गांव निवासी आदित्य जहाज पर डेक कैडेट के रूप में तैनात थे। बीते वर्ष नवंबर माह में वह घर से ड्यूटी के लिए गए थे। आदित्य के पिता राजेश कुमार जालंधर में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता एक गृहिणी हैं। आदित्य अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। इस भीषण हादसे की सूचना मिलने के बाद से परिजनों पर दु:खों का पहाड़ टूट गया है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात नौ बजे के करीब उन्हें कंपनी के अधिकारियों से घटना की सूचना मिली। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय पोत पर कुल 24 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन की मौत हो गई। इन मृत सदस्यों में आदित्य भी शामिल थे। घटना की सूचना के बाद तहसीलदार गलोड़ केशव कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार अमेरिकी सेना ने बुधवार 10 जून को पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर एम/टी सेटेबेलो के इंजन कक्ष पर सटीक हथियारों से हमला किया। घटना के तुरंत बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे। बाद में चलाए गए व्यापक बचाव अभियान के दौरान तीनों लापता सदस्यों के मृत होने की पुष्टि की गई, जिनमें आदित्य शर्मा भी शामिल थे। इस होनहार युवा की मृत्यु की पुष्टि के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
अमेरिकी सेना ने इस हमले को लेकर दावा करते हुए कहा है कि यह जहाज ईरानी तेल लेकर नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहा था। यह ईरान के आसपास के समुद्री क्षेत्र में अमेरिकी कार्रवाई से निष्क्रिय किया गया। हादसे के उपरांत शुरू हुए खोज अभियान के बाद आदित्य के निधन की सूचना सामने आई, जिसने परिजनों को गहरा सदमा पहुंचाया है।
इस घटना के बाद से आदित्य के परिवार की चिंताएं लगातार बढ़ रही थीं। उनके पिता, राजेश शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार और संबंधित एजेंसियों से अपने बेटे की सुरक्षित तलाश के लिए मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने यह भी बताया था कि अप्रैल माह में आदित्य ने जहाज पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न की शिकायत की थी और वह जहाज छोड़ना चाहता था।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी हमले के दौरान तेल टैंकर पर कार्यरत नाविक आदित्य शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश जारी किए हैं।
इसके साथ ही, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ओमान की खाड़ी में हुए जहाज हमले के बाद लापता हुए हमीरपुर जिले के गलोड़ निवासी आदित्य शर्मा के परिजनों से फोन पर बातचीत कर संवेदना व्यक्त की है। जयराम ठाकुर ने आदित्य शर्मा के पिता से बात करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल दिया और कहा कि वह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का भरोसा भी दिलाया है। फिलहाल, परिजन आदित्य के पार्थिव शरीर के स्वदेश लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के एक होनहार युवा का इस तरह असमय निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने यह भी बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर इस मामले में सक्रिय हैं और उन्होंने पार्थिव देह को शीघ्र भारत लाने के लिए विदेश मंत्रालय तथा संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
















