JEE-NEET Free Coaching in Hamirpur: हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक निगम तीनों सेनाओं के सिपाही से लेकर जेसीओ रैंक तक के सभी पूर्व सैनिकों के बच्चों को JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क क्रैश कोर्स की सुविधा प्रदान कर रहा है। निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मदनशील शर्मा ने बताया कि पूर्व सैनिकों के बच्चों को इस वर्ष भी निगम द्वारा हिम अकादमी हमीरपुर के माध्यम से जेईई और नीट का निशुल्क क्रैश कोर्स करवाया जाएगा। इस योजना के तहत क्रैश कोर्स करने वाले अभ्यर्थी की ट्यूशन फीस निगम अदा करती है।
निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने बताया कि जेईई और नीट के अलावा निगम तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिकों के बच्चों को अधिकारी वर्ग में प्रवेश के लिए एसएसबी की कोचिंग भी दिला रही है। यह कोचिंग निंबस डिफेंस एसएसबी अकादमी चंडीगढ़ में करवाई जाती है और इसकी ट्यूशन फीस भी निगम अदा करती है। यह कोचिंग उसी अभ्यर्थी को दिलाई जाती है, जिसने लिखित परीक्षा पास कर ली हो और उसे एसएसबी इंटरव्यू का कॉल लैटर आ गया हो।
इन दोनों योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी के लिए निगम के दूरभाष नंबर 01972222472 पर या वेबसाइट एचपीएक्ससर्विसमैन.इन hpexservicemen.in पर लॉग इन किया जा सकता है।


















