Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Sukhu Government 3 Years: आपदा के मद्देनजर सरकार ने बदला कार्यक्रम, 11 दिसंबर को मंडी में ‘जनसंकल्प सम्मेलन’ का आयोजन

Sukhu Government 3 Years: आपदा के मद्देनजर सरकार ने बदला कार्यक्रम, 11 दिसंबर को मंडी में 'जनसंकल्प सम्मेलन' का आयोजन

Sukhu Government 3 Years: 28 नवंबर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपने तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जश्न मनाने के बजाय 11 दिसंबर को मंडी के पड्डल मैदान में एक ‘जनसंकल्प सम्मेलन’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम में आपदा प्रभावितों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को राहत राशि का वितरण किया जाएगा और अगले दो वर्षों के लिए राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के विजन को जनता के सामने रखा जाएगा।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने शुक्रवार को मंडी में आयोजित एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने शहरी विकास मंत्री राजेश धर्माणी, स्थानीय विधायक चंद्रशेखर और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा, “प्रदेश में अभी आपदा की स्थिति बनी हुई है, ऐसे में जश्न मनाने का सवाल ही नहीं उठता।” उन्होंने बताया कि इस जनसंकल्प सम्मेलन में लगभग 20,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम के जरिए सरकार जनता के सामने अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का लेखा-जोखा पेश करेगी।

शहरी विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्पष्ट किया कि तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाने की अधिसूचना अधिकारियों द्वारा जारी की गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल ने जश्न के स्थान पर जनसंकल्प सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल द्वारा समय-समय पर लिए गए फैसलों में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प शामिल है।”

पंचायत चुनाव 30 जनवरी तक
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों पर बात करते हुए मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश में अभी आपदा की स्थिति है और कई जिलों से रास्ते बंद होने की सूचनाएं मिल रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने विश्वास दिलाया, “अभी 30 जनवरी तक का समय है, पंचायत चुनाव समय पर करवा लिए जाएंगे।”

इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर, एपीएमसी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया और जल बोर्ड के नवनियुक्त उपाध्यक्ष शशि शर्मा भी मौजूद रहे। बताया गया कि इससे पहले भी सरकार द्वारा धर्मशाला, शिमला और बिलासपुर में इसी तरह के जन-केन्द्रित कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP News TodayLatest Himachal News in Hindi

Join WhatsApp

Join Now