साइड स्क्रोल मेनू
Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)

Himachal News: केंद्र सरकार का हिमाचल के साथ रहा है सौतेला व्यवहार- प्रियंका गांधी

Himachal News: केंद्र सरकार का हिमाचल के साथ रहा है सौतेला व्यवहार- प्रियंका गांधी
Preferred_source_publisher_button.width-500.format-webp

Himachal News: कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर कांग्रेस की महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। वह ऐसे शख्स थे, जिनके दिल में हमेशा हिमाचल प्रदेश की भलाई रही।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर मेरे परिवार का हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष लगाव है। यहां मेरा सिर्फ घर ही नहीं है, बल्कि मुझे पहाड़ों से भी बहुत लगाव है। वीरभद्र सिंह को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि राजनीति में कम ही मिसाल हैं, जो नेता सचाई पर चलते हैं। महात्मा गांधी ने देश को और वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश को जो रास्ता दिखाया, वही कांग्रेस पार्टी की मूल विचारधारा है। आज ऐसे नेताओं और राजनीति की जरूरत है जो सोशल मीडिया से आगे बढ़कर लोगों के लिए काम करे।

इसे भी पढ़ें:  हिमाचल बजट में केंद्र सरकार के बजट की नकल करने का प्रयास किया गया : कश्यप

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी निडर होकर सच बोलते हैं और कांग्रेस पार्टी की इसी विचारधारा को प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसी विचारधारा पर चली है और चलती रहेगी। देश को विकास की राजनीति चाहिए, लेकिन जो केंद्र में सत्तासीन हैं वह इस विचारधारा से दूर है।

कांग्रेस महासचिव ने केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा के दौरान सैंकड़ों परिवार उजड़ गए और हर तरफ तबाही मची लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आग्रह के बावजूद केंद्र सरकार ने यहां के लोगों की कोई मदद नहीं की। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सुक्खू प्रदेश के आपदा प्रभावितों का दर्द समझते हैं। वह हर जगह गए। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए केंद्र से मदद मांगी, लेकिन वह प्रदेश को नहीं मिली क्योंकि भाजपा की राजनीति सिर्फ चुनाव जीतने के लिए हैं।’’

 

Join WhatsApp

Join Now