Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kangra News: ब्यास नदी में मिला लापता युवक का शव, विदेश जाने से पहले संदिग्ध मौत

Himachal Pradesh Crime News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में साइप्रस जाने की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में ब्यास नदी से बरामद हुआ है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
Published on: 7 May 2026
Kangra News: ब्यास नदी में मिला लापता युवक का शव, विदेश जाने से पहले संदिग्ध मौत

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंतर्गत आती इंदौरा तहसील में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ब्यास नदी के पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान इंदौरा की मलकाना पंचायत के ढसौली गांव के रहने वाले 22 वर्षीय पंकज (उर्फ पंकू) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पंकज बीते सोमवार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था, जिसकी तलाश परिजन और पुलिस लगातार कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि पंकज सोमवार देर रात करीब 2 बजे अपने घर से बिना किसी को बताए अपनी बाइक लेकर निकला था। शुरुवाती जानकारी के मुताबिक वह घर के पास ही स्थित अपनी पशुशाला की तरफ गया था। रात के अंधेरे में अचानक गायब हुए युवक का सुराग अगले दिन मंगलवार सुबह उस वक्त लगा, जब उसके चाचा पशुशाला पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि पंकज की बाइक जमीन पर गिरी हुई थी और पास ही उसकी चप्पलें भी पड़ी थीं, लेकिन पंकज वहां मौजूद नहीं था।

पंकज के इस तरह रहस्यमयी ढंग से गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। गांव और आसपास के सभी संभावित ठिकानों पर तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। गुरुवार को अचानक ब्यास नदी में एक शव दिखने की सूचना मिली, जिसकी पहचान बाद में पंकज के रूप में की गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

इस पूरे मामले में सबसे दु:खद और हैरान करने वाला पहलू यह है कि पंकज बहुत जल्द विदेश जाने वाला था। परिजनों के मुताबिक, लापता होने से ठीक एक दिन पहले ही पंकज का साइप्रस (Cyprus) का वीजा आया था। उसकी विदेश यात्रा के लिए हवाई जहाज की टिकट भी कन्फर्म हो चुकी थी। घर में उसकी रवानगी और भविष्य को लेकर खुशियों का माहौल था और जाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं।

बता दें कि खुशियों के बीच अचानक पंकज का लापता होना और फिर नदी से उसका शव बरामद होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन शुरू कर दी है।

फिलहाल, पुलिस प्रशासन मामले की हर पहलू से जांच कर रहा है। यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा। अचानक हुई इस घटना ने पूरे मलकाना पंचायत और ढसौली गांव को झकझोर कर रख दिया है।

Himachal PradeshHimachal Pradesh CrimeHimachal Pradesh NewsKangra NewsKangra News Today

Join WhatsApp

Join Now