Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kangra Rave Party: कांगड़ा में रेव पार्टी पर पुलिस का छापा, नशे के सामान के साथ दो गिरफ्तार

Dharamshala News: धर्मशाला के अपर धर्मकोट स्थित हॉस्टल में गुप्त सूचना के आधार पर मैक्लोडगंज पुलिस ने मध्यरात्रि को की कार्रवाई, 15 लोगों का कराया गया मेडिकल परीक्षण।
Kangra Rave Party: कांगड़ा में रेव पार्टी पर पुलिस का छापा, नशे के सामान के साथ दो गिरफ्तार

Kangra Rave Party: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मशाला के ऊपरी धर्मकोट क्षेत्र स्थित EDM हॉस्टल में चल रही कथित रेव पार्टी पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर इसका भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ जब्त करते हुए दो मुख्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 13 और 14 सितंबर की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दी गई। गुप्त इनपुट मिलते ही मैक्लोडगंज थाना पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए 14 सितंबर की तड़के अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल परिसर में दबिश दी। पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हॉस्टल के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को मौके से विभिन्न प्रकार का नशीला सामान बरामद हुआ। पुलिस ने स्थल से 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा/कैनबिस के फूल बरामद किए। नशीले पदार्थों को कब्जे में लेने के साथ ही कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद 15 लोगों को हिरासत में लेकर उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, ताकि नशे के सेवन की पुष्टि हो सके।

इसे भी पढ़ें:  Himachal News: जयराम बोले - सीएम सुक्खू को पद की गंभीरता का नहीं है एहसास, दावे और हकीकत में बड़ा फर्क, प्रदेश की माली हालत पर उठाए सवाल..

इस मामले में मैक्लोडगंज थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को आरोपी बनाया है। नामजद आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय आमिर खान, निवासी रायसेन/भोपाल (मध्य प्रदेश) और 37 वर्षीय राधेश रंजन पजोरिया, निवासी चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राधेश रंजन पजोरिया संबंधित ईडीएम हॉस्टल का लीज होल्डर है, जो इस परिसर का संचालन कर रहा था।

इसे भी पढ़ें:  भाजपा नेताओं के असभ्य व्यवहार पर अंकुश लगाएं मुख्यमंत्री: संजय रतन

मामले की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हॉस्टल परिसर में 13 और 14 सितंबर को रेव पार्टियां आयोजित की जा रही थीं। इन गैर-कानूनी पार्टियों में लोगों को जुटाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और बंद ऑनलाइन ग्रुपों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन माध्यमों के जरिए पार्टी का प्रचार-प्रसार कर लोगों को आमंत्रित किया जाता था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट समेत अन्य डिजिटल सबूत अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिनकी गहनता से फोरेंसिक जांच की जा रही है।

इस हाई-प्रोफाइल रेड को डीआईजी नॉर्थ जोन सौम्या सांबशिवन की अगुवाई में अंजाम दिया गया। इस विशेष टीम में एएसपी कांगड़ा संजीव चौहान, डीएसपी नॉर्दर्न रेंज अनिल ठाकुर और मैक्लोडगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सहित करीब 50 पुलिसकर्मियों का भारी बल शामिल था। पुलिस टीम ने हॉस्टल को चारों तरफ से घेरकर अचानक छापा मारा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और किसी को भागने का अवसर नहीं मिला।

इसे भी पढ़ें:  भाजपा मण्डल इंदौरा का एक दिवसीय अभ्यास वर्ग मंगवाल में हुआ सम्पन

मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सही समय पर की गई इस सख्त कार्रवाई से प्रस्तावित रेव पार्टी को रोक दिया गया और क्षेत्र में होने वाली आगे की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई, वितरण और सेवन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। इसके साथ ही ऐसी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों, आयोजकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Dharamshala NewsHimachal Crime NewsKangra PoliceMcleodganj NewsRave Party Raid

Join WhatsApp

Join Now