Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kangra News: बाइक पर सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, एक ही गांव के रहने वाले थे मृतक

Kangra Road Accident News: कांगड़ा जिले में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत भलेड़ पावर हाउस के समीप शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। इस दुर्घटना में एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
By PNT
Published on: 5 September 2026
Kangra News: बाइक पर सवार तीन युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, एक ही गांव के रहने वाले थे मृतक

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भलेड़ पावर हाउस के समीप शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अशोक कुमार, प्रिंस और पवन कुमार के रूप में हुई है। तीनों युवक शाहपुर की दरीणी पंचायत के झुनेना गांव के रहने वाले थे। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक शुक्रवार रात गुग्गा डेरा में आयोजित धार्मिक आयोजन में भाग लेने दूली गए थे। इसके बाद तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। भलेड़ पावर हाउस के पास पहुंचने पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसा देर रात होने के कारण इसकी जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल पाई।

सुबह स्थानीय लोगों को घटना का पता चला, लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना गांव और परिजनों तक पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। एक साथ तीन युवकों की मौत से झुनेना गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत को हादसे की संभावित वजह बताया है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे की जानकारी मिलते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं और परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

Dharamshala NewsHimachal AccidentKangra Crime NewsKangra Road AccidentShahpur News

Join WhatsApp

Join Now