Prajasatta Side Scroll Menu

Holi Skin Care: होली के रंगों से त्वचा और बालों को बचाना है? अपनाएं शहनाज हुसैन के ये जादुई टिप्स

Shahnaz Husain hair care tips for Holi: मशहूर ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन से जानें होली के दौरान त्वचा और बालों की देखभाल के आसान तरीके। हर्बल रंगों का महत्व और रंगों को सुरक्षित रूप से छुड़ाने के आयुर्वेदिक उपाय।
Holi Skin Care: होली के रंगों से त्वचा और बालों को बचाना है? अपनाएं शहनाज हुसैन के ये जादुई टिप्स

Shahnaz Husain Holi Skin Care: होली का त्यौहार खुशियों, मस्ती, रोमांच तथा उत्साह लेकर आता है। लेकिन रंगों के इस त्यौहार को हम सब लोग उत्साह से मनाने के साथ ही रंग खेलने के साथ-साथ रंग छुड़ाने, त्वचा एवं बालों को हुए नुकसान को लेकर भी टेंशन में रहते हैं, क्योंकि “बुरा न मानो, होली है” कहकर रंग फेंकने वाले अल्हड़ युवक-युवतियों की टोलियाँ पिचकारी, गुब्बारों, डाई व गुलाल में बाजार में बिकने वाले जिन रंगों का प्रयोग करते हैं, उनमें माइका, लेड जैसे हानिकारक रासायनिक मिले होते हैं, जिससे बाल तथा त्वचा रूखी एवं बेजान हो जाती है, बाल झड़ना शुरू हो जाते हैं तथा त्वचा में जलन एवं खुजली शुरू हो जाती है।

आज के युग में बाजार में बिकने वाले रंगों में हर्बल तथा प्राकृतिक उत्पाद नाममात्र ही होते हैं। लेकिन ऐसे में आप घर पर छुपकर कतई न बैठें। अगर आप कॉलोनी के पार्क में खुशनुमा माहौल में दिल खोलकर होली खेलना चाहते हैं तो जमकर रंग खेलने के बाद चुटकियों में रंग छुड़ाने के तरीके बता रही हैं सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन।

होली का त्यौहार ज्यादातर खुले आसमान में खेला जाता है, जिससे सूर्य की गर्मी से भी त्वचा पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। खुले आसमान में हानिकारक यू.वी. किरणों के साथ-साथ नमी की कमी की वजह से त्वचा के रंग में कालापन आ जाता है। होली खेलने के बाद त्वचा निर्जीव बन जाती है।

होली के पावन त्यौहार में अपनी त्वचा की रक्षा के लिए होली खेलने से 20 मिनट पहले त्वचा पर 20 एस.पी.एफ. सनस्क्रीन का लेप कीजिए। यदि आपकी त्वचा पर फोड़े, फुंसियाँ आदि हैं तो 20 एस.पी.एफ. से ज्यादा दर्ज की सनस्क्रीन का उपयोग करना चाहिए। ज्यादातर सनस्क्रीन में मॉइस्चराइजर ही विद्यमान होता है। यदि आपकी त्वचा अत्यधिक शुष्क है तो पहले सनस्क्रीन लगाने के बाद कुछ समय इंतजार करने के बाद ही त्वचा पर मॉइस्चराइजर का लेप करें।

आप अपनी बाजुओं तथा सभी खुले अंगों पर मॉइस्चराइजर लोशन या क्रीम का उपयोग करें।

होली खेलने से पहले सिर में बालों पर हेयर सीरम या कंडीशनर का उपयोग करें। इससे बालों को गुलाल के रंगों की वजह से पहुँचने वाले सुखेपन से सुरक्षा मिलेगी तथा सूर्य की किरणों से होने वाले नुकसान से भी बचाव मिलेगा।

आजकल बाजार में सनस्क्रीन सहित हेयर क्रीम आसानी से उपलब्ध हो जाती है। थोड़ी सी हेयर क्रीम लेकर उसे दोनों हथेलियों पर फैलाकर बालों की हल्की-हल्की मालिश करें। इसके लिए आप विशुद्ध नारियल तेल की बालों पर मालिश भी कर सकते हैं। इससे भी रासायनिक रंगों से बालों को होने वाले नुकसान को बचाया जा सकता है।

होली के रंगों से नाखूनों को बचाने के लिए नाखूनों पर नेल वार्निश की मालिश करनी चाहिए। होली खेलने के बाद त्वचा तथा बालों पर जमें रंगों को हटाना काफी मुश्किल कार्य है। उसके लिए सबसे पहले चेहरे को बार-बार साफ निर्मल जल से धोएँ तथा इसके बाद क्लींजिंग क्रीम या लोशन का लेप कर लें तथा कुछ समय बाद इसे गीले कॉटन वूल से धो डालें।

आँखों के इर्द-गिर्द के क्षेत्र को हल्के-हल्के साफ करना न भूलें। क्लींजिंग जेल से चेहरे पर जमें रंगों को धुलने तथा हटाने में काफी मदद मिलती है। अपना घरेलू क्लीनजर बनाने के लिए आधा कप ठंडे दूध में तिल, जैतून, सूर्यमुखी या कोई भी वनस्पति तेल मिला लीजिए। कॉटन वूल पैड को इस मिश्रण में डुबोकर त्वचा को साफ करने के लिए उपयोग में लाएँ। शरीर से रासायनिक रंगों को हटाने में तिल के तेल की मालिश महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। इससे न केवल रासायनिक रंग हट जाएँगे बल्कि त्वचा को अतिरिक्त सुरक्षा भी मिलेगी।

तिल के तेल की मालिश से सूर्य की किरणों से हुए नुकसान की भरपाई में मदद मिलती है। नहाते समय शरीर को लूफा या वॉश कपड़े की मदद से स्क्रब कीजिए तथा नहाने के तत्काल बाद शरीर तथा चेहरे पर मॉइस्चराइजर का उपयोग कीजिए। इससे शरीर में नमी बनाए रखने में मदद मिलेगी।

यदि त्वचा में खुजली है तो पानी के मग में दो चम्मच सिरका मिलाकर उसे त्वचा पर उपयोग करें तथा इससे खुजली खत्म हो जाएगी। इसके बाद भी त्वचा में खुजली जारी रहती है तथा त्वचा पर लाल चकत्ते तथा दाने उभर आते हैं तो आपकी त्वचा को रंगों से एलर्जी हो गई तथा इसके लिए आपको डॉक्टर से आवश्यक सलाह-मशवरा जरूर कर लेना चाहिए।

बालों को साफ करने के लिए बालों में फंसे सूखे रंगों तथा माइका को हटाने के लिए बालों को बार-बार सादे ताजे पानी से धोते रहिए। इसके बाद बालों को हल्के हर्बल शैंपू से धोएँ तथा उँगलियों की मदद से शैंपू को पूरे सिर पर फैला लें तथा इसे पूरी तरह लगाने के बाद पानी से अच्छी तरह धो डालिए।

बालों की अंतिम धुलाई के लिए बियर को अंतिम हथियार के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। बियर में नींबू का जूस मिलाकर शैंपू के बाद सिर पर उड़ेल लें। इसे कुछ मिनट बालों पर लगा रहने के बाद साफ पानी से धो डालें।

होली के अगले दिन दो चम्मच शहद को आधा कप दही में मिलाकर थोड़ी सी हल्दी में मिलाएँ तथा इस मिश्रण को चेहरे, बाजुओं तथा सभी खुले अंगों पर लगा लें। इसे 20 मिनट लगा रहने दें तथा बाद में साफ ताजे पानी से धो डालें। इससे त्वचा से कालापन हट जाएगा तथा त्वचा मुलायम हो जाएगी। होली के अगले दिनों के दौरान अपनी त्वचा तथा बालों को पोषाहार तत्वों की पूर्ति करें।

एक चम्मच शुद्ध नारियल तेल में एक चम्मच अरंडी का तेल मिलाकर इसे गर्म करके अपने बालों पर लगा लीजिए। एक तौलिए को गर्म पानी में भिगोकर पानी को निचोड़ दीजिए तथा तौलिए को सिर पर लपेट लीजिए तथा इसे 5 मिनट तक पगड़ी की तरह सिर पर बंधा रहने दीजिए। इस प्रक्रिया को 4-5 बार दोहराइए। इससे खोपड़ी पर तेल को जमने में मदद मिलती है। एक घंटा बाद बालों को साफ ताजे पानी से धो डालिए।

लेखिका – अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ हैं तथा हर्बल क्वीन के नाम से लोकप्रिय हैं।

Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)
Beauty Tips for Holi Herbal Holi Colors Holi 2026 Skin Care Holi Hair Care Holi Skin Care Tips Natural Hair Care Holi Post Holi Skin Care Pre Holi Skin Protection Removing Holi Colors Shahnaz Husain Ayurvedic Tips Shahnaz Husain Beauty Tips Skin Care for Holi

Join WhatsApp

Join Now