Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा ऐसे देगी जवाब

कुमार गौरव, नई दिल्ली: केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीबीआई के दुरुपयोग वाले विपक्षी पार्टियों के आरोपों का भाजपा देशभर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब देगी। बता दें कि हाल ही में 8 पार्टियों के 9 नेताओं ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर ED-CBI के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।

Kullu Dussehra 2026 Celebration

अब भाजपा की ओर से कहा गया है कि जिन राज्यों के नेताओं ने विपक्षी एकता दिखाते हुए पत्र लिखकर केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, उन सभी राज्यों में बीजेपी गुरुवार और शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे ‘विपक्ष का डर’ बताएगी।

इन पार्टियों के नेताओं ने पीएम मोदी को लिखी थी चिट्ठी

पीएम मोदी को चिट्ठी लिखने वालों में BRS पार्टी के चंद्रशेखर राव, TMC चीफ ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार, शिवसेना उद्धव गुट के उद्धव ठाकरे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शामिल थे। इन नेताओं ने दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर सीबीआई और ईडी के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।

विपक्ष के लगभग सभी नेताओं ने लगातार सत्ता पक्ष यानी बीजेपी पर ये आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ पार्टी, केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग विपक्षी पार्टियों को दबाने के लिए कर रही है। विपक्ष ने ये भी आरोप लगाया था कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाला होता है, वहां पहले ही सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसियां सक्रिय होकर विपक्षी दल के नेताओं और उनके सहयोगियों पर एक्शन शुरू कर देती है।

भाजपा का प्लान- राजनीतिक तौर पर देंगे जवाब

बीजेपी ने तय किया है कि इन सभी आरोपों का जवाब राजनीतिक तौर पर दिया जायेगा। विपक्षी नेता जिस राज्य से आते हैं, उसी राज्य में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेस कान्फ्रेस कर विपक्ष के भ्रष्टाचार का चिट्ठा भी खोलेंगे और सवाल भी उठायेंगे कि अगर किसी ने करप्शन नहीं किया है तो डरने की जरूरत क्या है?

दिल्ली में आज प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत सांसद मनोज तिवारी ने की है। देशभर में नौ राज्यों की राजधानी में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस गुरुवार और शुक्रवार को होगी। पश्चिम बंगाल में प्रतिपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बिहार में तेजस्वी यादव के आरोप का जवाब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए देंगे।

यूपी में अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब देंगे बृजेश पाठक

उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के आरोप का जवाब उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक देंगे। तेलंगाना में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय बंदी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। केरल, जम्मू कश्मीर और पंजाब में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केरल के मुख्यमंत्री, फारुख अब्दुल्ला और भगवंत मान के आरोपों का जवाब देंगे। उद्धव ठाकरे और शरद पवार के आरोप का जवाब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार को देंगे।

बीजेपी का मानना है कि विपक्ष के लोग जब भी सत्ता में रहे हैं करप्शन उनका आधार रहा है। मोदी सरकार किसी को भी गैर वाजिब तरीके से परेशान नहीं कर रही है। बीजेपी ने ये भी दावा किया है कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, वो ग्रुप बनाकर या समूचा विपक्ष एकजुट आकार दबाव बनाने से भी बच नहीं सकता है। करप्शन के खिलाफ मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और इसीलिए अपराधी बचेगा नहीं, जबकि जिसका दामन साफ है उसे घबराने की जरूरत नहीं है।

Aaj Ki Khabrenbreaking news todayIndia government newsIndia politics newslatest news Indianational headlinestop news India

Join WhatsApp

Join Now