Haryana Nikay Chunav 2026: : हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य मुख्य सचिव और चुनाव आयुक्त ने सोमवार को पंचकूला में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनावी कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। प्रदेश के तीन बड़े नगर निगमों सहित कई नगर पालिकाओं और परिषदों में सत्ता की जंग शुरू हो गई है।
राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण के मुताबिक, पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम के लिए 10 मई को मतदान होगा। इन चुनावों के परिणाम 13 मई को जारी किए जाएंगे। यदि किसी केंद्र पर पुनर्मतदान की आवश्यकता पड़ती है, तो उसके लिए 12 मई की तारीख सुरक्षित रखी गई है।

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगी। इसके बाद 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 28 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे, जिसके तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।
नगर निगमों के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद और उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिका में भी इसी दिन वोट डाले जाएंगे। साथ ही टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, सढ़ौरा और कनीना नगरपालिका के लिए भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
शहरी निकायों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनावी हलचल तेज होगी। जानकारी के अनुसार, इस चरण में 2 जिला परिषद और 12 पंचायत समितियों के लिए भी चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।



















