Mansa Devi Mela Dharampur: सोलन जिला के धर्मपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय माता मानसा देवी मेला का वीरवार 26 मार्च को ऐतिहासिक और यादगार समापन हुआ। प्रशासन के अथक प्रयासों और जनमानस के अपार उत्साह के बीच इस मेले ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। समापन समारोह में जनसैलाब इस कदर उमड़ा कि मेला मैदान छोटा पड़ गया और लोग आसपास की छतों पर खड़े होकर सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेते नजर आए।
मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में स्टार कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। युवाओं के चहेते और मशहूर पंजाबी गायक शिवजोत के मंच पर आते ही पूरा परिसर शोर और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ‘ट्रेंडिंग स्टार’ शिवजोत ने एक के बाद एक अपने सुपरहिट पंजाबी गानों की झड़ी लगा दी।
“पंजाबी गायक शिवजोत की गायकी का जादू मेले में आए दर्शकों के सिर चढ़कर इस कदर बोला कि सुरक्षा के तमाम इंतजाम धरे के धरे रह गए। गानों का क्रेज ऐसा था कि धुन बजते ही दर्शक बेकाबू हो गए और सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स लांघकर सीधे स्टेज के सामने पहुंच गए।
हालाँकि, मुस्तैद पुलिस प्रशासन ने शुरुआत में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत की और युवाओं को बार बार पीछे धकेलने का प्रयास किया। माहौल में अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह डटा रहा, लेकिन जैसे ही मुख्य अतिथि कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर गए, वैसे ही मैदान का अनुशासन मानों पूरी तरह टूट गया। भारी संख्या में उमड़े प्रशंसकों ने स्टेज के ठीक सामने मोर्चा संभाल लिया और जमकर ठुमके लगाए। पुलिस के लिए इस ‘फैन फॉलोइंग’ को संभालना एक बड़ी चुनौती बन गया था।”
इससे पूर्व, हिमाचल के पहाड़ी गायक विक्की चौहान ने पारंपरिक पहाड़ी लोकगीतों और नाटियों से देवभूमि की संस्कृति का रंग बिखेरा। विक्की चौहान की खनकती आवाज पर स्थानीय लोग खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। शाम 5:30 बजे शुरू हुई इस संध्या में स्थानीय और युवा कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेला कमेटी (धर्मपुर) ने उन्हें हिमाचली परंपरा के अनुसार शॉल, टोपी और मां शेरावाली की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में विधायक ने क्षेत्रवासियों को मेले के सफल आयोजन की बधाई दी। इस दौरान एक आत्मीय दृश्य तब देखने को मिला जब विधायक सुल्तानपुरी खुद को रोक नहीं पाए और पहाड़ी नाटी पर स्थानीय लोगों के साथ जमकर ठुमके लगाए।
मेले के अंतिम दिन ‘कुश्ती दंगल’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बाहरी राज्यों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए। मेले में सजी दुकानों, लजीज व्यंजनों और विशाल झूलों का लुत्फ उठाने के लिए भारी भीड़ जुटी रही।
मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम कसौली, महेंद्र प्रताप ने मेले की निर्बाध सफलता के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। मेले में सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा खुद डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा संभाले हुए थे, जिन्होंने मुस्तैदी से कानून-व्यवस्था बनाए रखी ताकि श्रद्धालु और पर्यटक बिना किसी असुविधा के मेले का आनंद ले सकें।
गौरतलब है कि इससे पहले माता मानसा देवी मेला की सांस्कृतिक संध्याओं में ‘इंडियन आइडल’ फेम कुमार साहिल और पहाड़ी गायक कुलदीप शर्मा ने अपनी गायकी का लोहा मनवाया था, जबकि मेले का आगाज माता मनसा देवी के भव्य जागरण से हुआ था।






















