Kangra Valley Railway: हिमाचल प्रदेश की मशहूर कांगड़ा वैली रेलवे लाइन को अब और बेहतर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इंडियन रेलवे के द्वारा डी गई जानकारी के मुताबिक पठानकोट से जोगिंदर नगर तक जाने वाली इस लगभग 200 किलोमीटर लंबी रेल लाइन को ‘ब्रॉड गेज’ (बड़ी लाइन) में बदलने के लिए ज़मीनी सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है।
बता दें कि फ़िलहाल यह एक छोटी लाइन है, लेकिन इसके विस्तार के बाद यहाँ न सिर्फ ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी, बल्कि ज्यादा डिब्बों वाली बड़ी ट्रेनें भी चल सकेंगी। इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यहाँ के स्थानीय लोगों और घूमने आने वाले पर्यटकों को मिलेगा।
बता दें कि इस बदलाव से कांगड़ा, पालमपुर, बैजनाथ और जोगिंदर नगर जैसे प्रमुख शहरों के बीच सफर अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और आरामदायक हो जाएगा। रेल मंत्रालय की इस पहल से पर्यटन को तो पंख लगेंगे ही, साथ ही सामान की आवाजाही आसान होने से स्थानीय व्यापार को भी बहुत मजबूती मिलेगी। कुल मिलाकर, यह प्रोजेक्ट आने वाले समय में देवभूमि की कनेक्टिविटी की तस्वीर बदल देगा।















