Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

हिमाचल में बर्फबारी व ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड

हिमाचल में बर्फबारी व ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड

शिमला ब्यूरो।
हिमाचल प्रदेश में चुनावी गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है और प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। वहीं बर्फबारी के बाद राजधानी शिमला में भी हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ।

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार वीरवार को प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और चम्बा में भारी बर्फबारी हुई है। चम्बा के पांगी, किलाड़ और भरमौर की ऊंची चोटियों पर बीती रात ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह हाईवे बंद रहा। वहीं लाहौल-स्पीति और चम्बा जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की सड़कें भी वाहनों के लिए बंद हो गई हैं। ऊंचाई वाले पर्यटक क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी को देखते हुए लाहौल-स्पीति पुलिस ने भी सभी सैलानियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की एडवाइजरी जारी है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है क्योंकि ताजा हिमपात के बाद सड़क पर फिसलन बहुत बढ़ गई है। ऐसी सड़क पर सफर करना जोखिम भरा हो सकता है।

आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति में 29 सड़कें बंद हो चुकी हैं। वहीं कुल्लू में 4 सड़कें और चम्बा में हुई ताजा बर्फबारी के कारण 2 सड़कें बंद हो गई हैं। विभाग इन सड़कों को बहाल करने में जुटा हुआ है। इसके अतिरिक्त अटल टनल रोहतांग के छोर पर बुधवार से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिस कारण यहां से वाहनों की आवाजाही को एहतियातन रोक दिया गया है।

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में मतदान के दिन मौसम साफ रहेगा। इसके बाद प्रदेश के ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के खराब रहने की संभावना है।

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News Today

Join WhatsApp

Join Now