Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

गोवा के चर्चिल ब्रदर्स क्लब में खेलेगी ऊना के किसान की बेटी

गोवा के चर्चिल ब्रदर्स क्लब में खेलेगी ऊना के किसान की बेटी

-किसी पेशेवर क्लब में खेलने वाली प्रदेश की इकलौती लकड़ी
ऊना।
गुजरात में होने वाली 6 वीं भारतीय राष्ट्रीय वूमेन लीग में ऊना के किसान की बेटी अपना दमखम दिखाएगी। जिला ऊना के खड्ड स्थित वूमेन फुटबॉल अकादमी की पौध में से निकली रिया शर्मा का करार गोवा के मशहूर चर्चिल ब्रदर्स फुटबॉल क्लब के साथ हुआ है। इस क्लब की ओर से खेलने वाली रिया शर्मा हिमाचल प्रदेश की इकलौती बेटी है, जिसने यह मुकाम हासिल किया है। रिया ने अब तक चार सीनियर तथा तीन सब जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिताएं खेली हैं। जिला ऊना के हरोली उपमंडल के गांव खड्ड की मूल निवासी रिया शर्मा के माता-पिता को आंखों से कम दिखाई देता है। गुरबत की जिंदगी जीने को मजबूर रिया ने अपनी मेहनत और कठिन परिश्रम से आज यह मुकाम हासिल किया है।

रिया फुटबॉल खेलने के साथ-साथ बीए फाइनल में पढ़ाई भी कर रही है। रिया शर्मा ने ग्रामीण परिवेश से बाहर निकल खड्ड स्थित फुटबॉल अकादमी को ज्वाइन किया। जहां फुटबॉल कोच दीपक शर्मा ने रिया शर्मा की प्रतिभा को निखारते हुए उसे राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनाया। अभी हाल ही में गोवा में हुई वूमेन सीनियर नेशनल के हर मैच में रिया शर्मा ने गोल किया। इस प्रतियोगिता में रिया ने कुल पांच गोल किए। इससे पहले कोल्हापुर (महाराष्ट्र) में जब हिमाचल की लड़कियों की टीम ने सब जूनियर में गोल्ड मेडल जीता में तब भी यह टीम में थी। रिया के फुटबॉल कोच और हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ के महासचिव दीपक शर्मा ने कहा कि रिया शर्मा में फुटबॉल प्रतिभा को देखते हुए इसे यह खेल चुनने को प्रेरित किया गया। धीरे-धीरे रिया ने अपनी प्रतिभा और तकनीक के जरिये फुटबॉल के मक्का गोवा जैसे प्रदेश को एक छोटे से प्रदेश हिमाचल की इस लडक़ी को अपने बहुचर्चित चर्चिल ब्रर्दस् क्लब में चुनने का निर्णय लिया।

रिया एक प्रतिभावान खिलाड़ी है। रिया मेहनती, कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ खिलाड़ी है। हिमाचल प्रदेश फुटबॉल संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील कुमार बिट्टू ने रिया शर्मा की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि रिया शर्मा को आगे खेलने के लिए फुटबॉल संघ पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण इलाकों में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने के लिए फुटबॉल संघ एक नई योजना तैयार कर रहा है। इस योजना के तहत ग्रामीण स्तर की फुटबॉल प्रतिभाओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए साल भर विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।

खेतीबाड़ी करता है रिया का परिवार
जिला ऊना के हरोली उपमंडल के पंडित मोहन दत्त सीनियर सेकेंडरी स्कूल खड्ड से ही रिया शर्मा ने बारहवीं की शिक्षा ग्रहण की। रिया के पिता नाम विजय शर्मा और माता सुनीता शर्मा अपनी बच्ची की इस उपलब्धि पर काफी खुश हैं। एक बेहद साधारण परिवार में जन्मी रिया शर्मा हिमाचल प्रदेश की एकमात्र महिला खिलाड़ी है जो किसी पेशेवर क्लब के साथ खेलेगी। यह परिवार पारंपरिक खेती बाड़ी करके अपना गुजर बसर कर रहा है।

डिप्टी सीएम ने दी बधाई
हरोली उपमंडल के गांव खड्ड की रहने वाली रिया शर्मा की इस उपलब्धि पर प्रदेश के पहले उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा हल्के से ताल्लुक रखने वाली फुटबॉल खिलाड़ी रिया शर्मा ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलने में प्रदेश सरकार पूरी मदद करेगी। रिया ने ऊना जिला के साथ-साथ पूरे प्रदेश का नाम गर्व से ऊंचा किया है। उसकी इस उपलब्धि पर प्रदेश सरकार उन्हें शीघ्र ही सम्मानित भी करेगी।

Kullu Dussehra 2026 Celebration Kullu Dussehra 2026 Celebration
Una district newsUna Himachal updateUna HP newsUna latest newsuna newsuna news TodayUna samachar

Join WhatsApp

Join Now